बलिया के प्रियांशु थल सेना में बने लेफ्टिनेंट, बधाई देने वालों का लगा तांता
बलिया के सुखपुरा निवासी प्रियांशु कुमार सिंह भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट बने, जिन्होंने गया स्थित ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी से प्रशिक्षण पूरा किया।

अपनी मां के साथ लेफ्टिनेंट प्रियांशु कुमार सिंह
HighLights
प्रियांशु कुमार सिंह भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट बने।
उन्होंने गया स्थित ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी से प्रशिक्षण पूर्ण किया।
उनका परिवार लंबे समय से भारतीय सेना में सेवारत है।
जागरण संवाददाता, बलिया। कस्बा निवासी प्रियांशु कुमार सिंह पुत्र मनजीत कुमार सिंह ने भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त होकर गांव, क्षेत्र व परिवार का नाम रोशन किया है।
5 सितंबर 2026 को गया स्थित ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी से 1 वर्ष का कठिन सैन्य प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद आयोजित पासिंग आउट परेड में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। 8 जुलाई 2002 को जन्मे प्रियांशु की प्रारंभिक शिक्षा गुड सेमेरिटन इंग्लिश स्कूल सुखपुरा में हुई,उसके बाद कक्षा 6 से आठवीं तक उन्होंने आर्मी पब्लिक स्कूल बीकानेर तथा 10 वीं से 12वीं की शिक्षा आर्मी पब्लिक स्कूल मामून कैंट पठानकोट से पूरी की।
इसके पश्चात जयपुर से इंजीनियरिंग की शिक्षा हासिल की।संघ लोक सेवा आयोग के माध्यम से भारतीय थल सेवा में चयनित होने के बाद प्रियांशु ने गया स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में लगभग 1 वर्ष तक कठिन सैन्य प्रशिक्षण और गहन अभ्यास किया।
माता-पिता को गर्व
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्होंने भारतीय थल सेवा में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति मिली। प्रियांशु का परिवार लंबे समय से भारतीय सेना से जुड़कर देश सेवा करता रहा है। उनके पिता मनजीत कुमार सिंह भारतीय थल सेना की 17वीं बटालियन द महार रेजीमेंट में सूबेदार के पद से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हैं।
उनके चाचा राजीव कुमार सिंह 15वीं बटालियन द महार रेजिमेंट से ऑनरेरी कैप्टन के पद से सेवानिवृत हुए हैं,वहीं दूसरे चाचा अजय कुमार सिंह प्रथम बटालियन द महार रेजीमेंट में सूबेदार मेजर/ आनरेरी कैप्टन के पद पर सेवारत हैं। प्रियांशु की माता प्रियंका सिंह गृहिणी हैं और बहन रिद्धि सिंह वर्तमान में कक्षा 12वीं की छात्रा हैं।
