विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

7,135 मीटर ऊंचे माउंट नुन पर बलिया के अनिल यादव ने फहराया तिरंगा

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 05 Sep 2026 03:56 PM (IST)

बलिया के पर्वतारोही अनिल यादव ने 14 अगस्त 2026 को 7,135 मीटर ऊंचे माउंट नुन पर तिरंगा फहराकर जिले का ...और पढ़ें

माउंट नुन पर बलिया के अनिल यादव ने फहराया तिरंगा, एवरेस्ट है अगला लक्ष्य।

माउंट नुन पर बलिया के अनिल यादव ने फहराया तिरंगा, एवरेस्ट है अगला लक्ष्य।

HighLights

  1. अनिल यादव ने 7,135 मीटर ऊंचे माउंट नुन पर तिरंगा फहराया।

  2. पिछले असफल प्रयास और विषम परिस्थितियों के बावजूद हासिल की सफलता।

  3. अब 2027 में माउंट एवरेस्ट फतह करने का है लक्ष्य।

जागरण संवाददाता, बलिया। जनपद के हनुमानगंज ब्लाक के करनई गांव के निवासी पर्वतारोही अनिल यादव ने 14 अगस्त 2026 को 7,135 मीटर ऊंचे माउंट नुन की चोटी पर तिरंगा फहराकर जिले का नाम रोशन किया। बर्फीले रास्तों, खराब मौसम और विषम परिस्थितियों के बीच उन्होंने साहस, धैर्य और निरंतर अभ्यास के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

उन्होंने बताया कि माउंट नुन पर पहुंचना उनके लिए लंबे समय से देखा जा रहा सपना था। इसे पूरा करने के लिए उन्होंने लंबे समय तक कठिन प्रशिक्षण और तैयारी की। इससे पहले वह अगस्त 2025 में भी माउंट नुन पर चढ़ाई के लिए गए थे। उस दौरान अत्यधिक बर्फबारी के कारण मौसम बेहद खराब हो गया था।

अभियान के दौरान परिस्थितियां इतनी चुनौतीपूर्ण हो गईं कि साथी पर्वतारोही कमल मंडल की मृत्यु हो गई। इसके बाद सुरक्षा कारणों से अभियान रोकना पड़ा। इस घटना के बाद भी अनिल यादव ने अपना हौसला नहीं खोया। उन्होंने दोबारा तैयारी शुरू की और बेहतर प्रशिक्षण के साथ माउंट नुन अभियान पूरा करने का संकल्प लिया। आखिरकार 14 अगस्त को वह चोटी पर पहुंचे और वहां तिरंगा फहराया।

माउंट यूनम पर भी फहरा चुके हैं तिरंगा

अनिल यादव इससे पहले भी पर्वतारोहण के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। जून 2025 में उन्होंने 6,111 मीटर ऊंचे माउंट यूनम की चोटी पर तिरंगा फहराया था। माउंट नुन की सफलता उनके पर्वतारोहण जीवन की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

दार्जिलिंग और मनाली से लिया पर्वतारोहण का प्रशिक्षण

पर्वतारोहण की तकनीक और सुरक्षा की जानकारी को मजबूत करने के लिए अनिल यादव ने दार्जिलिंग स्थित हिमालय पर्वतारोहण संस्थान से आधारभूत पर्वतारोहण प्रशिक्षण तथा मनाली स्थित अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान से उन्नत पर्वतारोहण प्रशिक्षण और प्रशिक्षक प्रशिक्षण पूरा किया है। इन प्रशिक्षणों से उन्हें पर्वतारोहण की तकनीक, सुरक्षा उपायों और विषम परिस्थितियों में अभियान संचालित करने का व्यावहारिक अनुभव मिला।

2027 में माउंट एवरेस्ट फतह करने का लक्ष्य

माउंट नुन की सफलता के बाद अनिल यादव का अगला लक्ष्य वर्ष 2027 में दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई करना है। इसके लिए वह अभी से प्रशिक्षण और तैयारी में जुटे हैं। उनका उद्देश्य एवरेस्ट की चोटी पर तिरंगा फहराकर देश के साथ बलिया जिले का नाम भी और ऊंचा करना है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पर्वतों की ऊंचाइयों को छूना नहीं, बल्कि देश का तिरंगा फहराना और युवाओं को साहसिक खेलों के प्रति प्रेरित करना भी है।