बलिया में प्रभारी प्रधानाध्यापिका के साथ सहायक अध्यापक भी निलंबित, तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा होगी समाप्त
बलिया के नगरा ब्लाक में एक प्राथमिक विद्यालय में पांच वर्षीय मासूम के कमरे में बंद होने के मामले में विभागीय कार्रवाई शुरू हो गई है। प्रभारी प्रधानाध्यापिका और सहायक अध्यापिका निलंबित कर दी गई हैं, जबकि तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त करने की तैयारी है।

बलिया स्कूल घटना: मासूम को कमरे में बंद करने पर शिक्षिकाएं निलंबित, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त।
HighLights
पांच वर्षीय मासूम स्कूल के कमरे में बंद मिला।
प्रभारी प्रधानाध्यापिका और सहायक अध्यापिका निलंबित की गईं।
तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त होगी।
जागरण संवाददाता, बलिया। नगरा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय तिरनई मौलाराय में पांच वर्षीय मासूम सत्यम को स्कूल के कमरे में बंद कर शिक्षिकाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के चले जाने के मामले में विभागीय कार्रवाई शुरू हो गई है। बाल विकास विभाग ने तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं नयन कुमारी, पुष्पा और अनुराधा का मानदेय रोकते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस पहले ही जारी किया है।
इसके अलावा अब इनकी सेवा भी समाप्त की जाएगी। इसके लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी केएम पांडेय ने तैयारी शुरु कर दी है। बताया कि सीडीपीओ की ओेर से प्राप्त रिपोर्ट को डीएम के समक्ष भेजा जाएगा। इसके बाद वहां से सुनवाई के लिए एक नोटिस जारी होगी। सुनवाई में इनकी लापरवाही साबित होती है तो तीनों की सेवा समाप्त की जाएगी।
वहीं, बेसिक शिक्षा विभाग ने विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका व सहायक अध्यापक अनामिका मौर्या के साथ ही अंतिमा यादव को निलंबित कर दिया है। इन पर अपने पदीय दायित्वों का निवर्हन न करने का आरोप है। निलंबन अवधि में अनामिका मौर्या को प्राथमिक विद्यालय ब्राह्मणपुरा, शिक्षा क्षेत्र नगरा व अंतिमा यादव को प्राथमिक विद्यालय जहांगीरपुरा पर सम्बद्ध किया जाता है। बीएसए मनीष कुमार सिंह की ओर से प्रकरण में खंड शिक्षा अधिकारी रसड़ा ओम प्रकाश तिवारी को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
गत गुरुवार को विद्यालय बंद होने के बाद पांच वर्षीय सत्यम स्कूल के एक कमरे में ही बंद रह गया था। आरोप था विद्यालय में ताला बंद कर सभी कर्मचारी चले गए, लेकिन किसी ने यह जांच नहीं की कि कोई बच्चा कमरे में तो नहीं रह गया है।
करीब डेढ़ घंटे तक कमरे में बंद रहने के बाद बच्चा रोने लगा। इस दौरान विद्यालय परिसर में लगे नल पर पानी पी रही एक महिला ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।