छात्रवृत्ति के 2527 आवेदन दबाए बैठे 924 विद्यालय, विद्यार्थियों की पढ़ाई पर संकट
बलिया में 924 विद्यालयों ने 2527 छात्रवृत्ति आवेदन लंबित रखे हैं, जिससे हजारों विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति पर संकट आ गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने तत्काल फॉरवर्डिंग पूरी करने का निर्देश दिया है और लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।

निर्देश की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की हो रही तैयारी।
HighLights
924 विद्यालयों में 2527 छात्रवृत्ति आवेदन लंबित।
पिछड़ा वर्ग के सर्वाधिक 1641 आवेदन फंसे।
डीआईओएस ने तत्काल फॉरवर्डिंग का निर्देश दिया।
जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। विद्यालयों की लापरवाही से जिले के हजारों विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति अटक गई है। शासन और विभागीय अधिकारियों के स्पष्ट निर्देश के बावजूद जिले के 924 विद्यालयों में छात्रवृत्ति के 2527 आवेदन अब तक अग्रसारित नहीं किए गए हैं। सभी विद्यालयों को 22 नवंबर तक आवेदनों की फारवर्डिंग पूरी करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन समयसीमा बीतने के बाद भी प्रक्रिया अधूरी है।
इससे आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति मिलने पर संकट खड़ा हो गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा ने सभी संबंधित विद्यालयों को तत्काल लंबित आवेदनों की फारवर्डिंग पूरी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्देश की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, पूर्वदशम यानी कक्षा नौ और 10 के 539 विद्यालयों में 626 आवेदन लंबित हैं। इनमें पिछड़ा वर्ग के 412, अनुसूचित जाति के 137, सामान्य वर्ग के 55 और अल्पसंख्यक वर्ग के 22 आवेदन शामिल हैं। वहीं, दशमोत्तर यानी कक्षा 11 और 12 के 385 विद्यालयों में 1901 आवेदन अग्रसारित नहीं हुए हैं।
इनमें पिछड़ा वर्ग के 1229, अनुसूचित जाति के 350, सामान्य वर्ग के 223, अल्पसंख्यक वर्ग के 89 और अनुसूचित जनजाति के 11 आवेदन शामिल हैं। दोनों श्रेणियों को मिलाकर पिछड़ा वर्ग के 1641 आवेदन लंबित हैं। इसी प्रकार अनुसूचित जाति के 487, सामान्य वर्ग के 278, अल्पसंख्यक वर्ग के 111 और अनुसूचित जनजाति के 11 आवेदन अब तक अग्रसारित नहीं हुए हैं। आंकड़ों से स्पष्ट है कि सबसे अधिक प्रभावित पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी हैं।