प्रेमी के हाथों पत्नी ने कराई थी पति बेचू की हत्या
प्रेमी के हाथों पत्नी ने कराई थी पति की हत्या
जागरण संवाददाता, सुखपुरा (बलिया) : थाना क्षेत्र के ब्रह्माइन गांव में 26 जनवरी को तड़के सुबह धारदार हथियार से बेचू यादव की हत्या की गुत्थी सुखपुरा पुलिस ने सुलझा लिया है। बेचू की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर किया। पुलिस ने बेचू की पत्नी ममता व प्रेमी उधारी उर्फ संजीव यादव निवासी हरिहरपुर थाना हल्दी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। इस घटना के खुलासे से हर कोई अवाक हो गया है।
पुलिस इस घटना को आशनाई से जोड़कर देख रही थी। इसी एंगल से जांच भी चल रही थी। पुलिस का शक मृतक की पत्नी के इर्द गिर्द ही मंडरा रहा था। इसी बीच सर्विलांस के सहारे पुलिस तार जोड़ने लगी। इसी दौरान उधारी यादव का नाम पुलिस के सामने आया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। इधर बेचू की पत्नी से भी गहराई से पूछताछ करने लगी। पुलिस ने गुरुवार की सुबह बसंतपुर पुलिया के पास से उधारी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उधारी ने बताया कि दो-तीन वर्षों से ब्रह्माइन स्थित ब्रह्माणी देवी के मंदिर पर आता था। मंदिर आते जाते ही उधारी की बेचू की पत्नी ममता देवी से मुलाकात हुई। एक-डेढ़ वर्ष पूर्व धीरे-धीरे यह मुलाकात प्रेम में बदल गई। 24 मई 2019 को उसने ममता से भृगुजी के मंदिर में गुपचुप शादी रचा लिया। पत्नी की इस करतूत से बेचू यादव इन सबसे बेखबर था। वह सुबह सब्जी मंडी में काम करने चला जाता था। इस बीच इन दोनों का प्रेम और प्रगाढ़ होता गया। 24 जनवरी की रात उधारी एक बार पुन: यहां आया और ममता को साड़ी और अन्य उपहार दे रहा था। इस बीच बेचू पहुंच गया और वह भड़क गया। इसको लेकर ममता से बेचू का विवाद हो गया। इस वह साड़ी और अन्य उपहार लेकर अपनी बहन के यहां टिकुलिया दियर मुंडन संस्कार में चली गईं। इसके बाद उसकी हत्या की रणनीति दोनों ने मिलकर बनाई। इधर उधारी फिर ब्रह्माइन गांव आया और 26 जनवरी के तड़के सुबह घर में घुसकर बेचू यादव की निर्मम हत्या कर दी। पति की हत्या की बात सुनकर ममता भी अपने बहन के यहां से यहां घर आ गईं और रोने लगीं। थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव व एसआई सरफराज खान ने बताया कि बेचू की पत्नी व उधारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही उसके पास हथियार भी बरामद किया गया है। इस पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सोनकर, हरेंद्र साहनी, महिला कांस्टेबल ललिता कुशवाहा आदि शामिल थे।