पीएम पोषण योजना: अब सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलेगा हलवा और उपमा, बलिया में छह नवंबर से होगी शुरुआत
बलिया के परिषदीय विद्यालयों में अब बच्चों को मध्याह्न भोजन के साथ हलवा और उपमा भी मिलेगा। यह पहल पीएम पोषण योजना के तहत 6 नवंबर से शुरू होगी।

परिषदीय स्कूलों में अब बच्चों को मिलेगा हलवा और उपमा।
HighLights
बच्चों को मध्याह्न भोजन में मिलेगा हलवा और उपमा।
पीएम पोषण योजना के तहत 6 नवंबर से शुरुआत।
अतिरिक्त पोषण से बच्चों का शारीरिक-मानसिक विकास होगा।
जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की थाली में अब मध्याह्न भोजन के साथ हलवा और उपमा का स्वाद भी जुड़ेगा। बच्चों को अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराने और उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासन ने पीएम पोषण योजना के तहत नई पहल की है।
इसके तहत छह नवंबर यानी धनतेरस से जिले के योजना से आच्छादित सभी विद्यालयों में बच्चों को सूजी से तैयार मीठा हलवा और नमकीन उपमा वितरित किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में लागू होने वाली इस व्यवस्था के तहत महीने के पांचों सप्ताह के लिए अलग-अलग मेन्यू निर्धारित किया गया है।
पहले और तीसरे सप्ताह में बच्चों को मीठा हलवा परोसा जाएगा, जबकि दूसरे, चौथे और पांचवें सप्ताह में सूजी से तैयार नमकीन उपमा दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के नियमित भोजन में अतिरिक्त पोषक तत्व शामिल कर उन्हें बेहतर पोषण उपलब्ध कराना है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार छह नवंबर से जिले के पीएम पोषण योजना से आच्छादित सभी विद्यालयों में सप्लीमेंट्री न्यूट्रीशन की व्यवस्था शुरू कराई जाएगी। निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को हलवा और उपमा वितरित किया जाएगा।
इसके लिए संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। भोजन की गुणवत्ता और नियमित वितरण सुनिश्चित करने के लिए निगरानी भी कराई जाएगी।
योजना के प्रभावी संचालन और भोजन की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए मां समूह, विद्यालय प्रबंध समिति और टास्क फोर्स को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। शासन की मंशा है कि बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार ताजा और गुणवत्तापूर्ण पोषक आहार उपलब्ध कराया जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।