बलिया में कटान से टूटा धैर्य, तहसील में पेट्रोल छिड़ककर युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास
बलिया में सरयू नदी के कटान और बाढ़ विभाग की कथित उदासीनता से परेशान एक युवक ने बांसडीह तहसील परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। महाराजपुर निवासी वीरेंद्र यादव ने प्रशासन को पहले ही सूचना दी थी, लेकिन सुनवाई न होने पर यह कदम उठाया।

हाथ में पेट्रोल की बोतल लिए युवक ने जैसे ही खुद पर पेट्रोल छिड़का, मची अफरा-तफरी।
HighLights
युवक ने बांसडीह तहसील परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया।
सरयू नदी के कटान और बाढ़ विभाग की अनदेखी से परेशान था।
प्रशासन को पहले ही चेतावनी देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।
जागरण संवाददाता, बांसडीह (बलिया)। सरयू की कटान से गांव के अस्तित्व पर मंडराते खतरे और बाढ़ विभाग की कथित उदासीनता से टूटे एक युवक ने सोमवार को बांसडीह तहसील परिसर में ही आत्मदाह का प्रयास किया। हाथ में पेट्रोल की बोतल लिए युवक ने जैसे ही खुद पर पेट्रोल छिड़का, परिसर में अफरातफरी मच गई।
वह लगातार बाढ़ विभाग मुर्दाबाद के नारे लगा रहा था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे जीप में बैठाकर कोतवाली ले गई। युवक की पहचान महाराजपुर निवासी वीरेंद्र यादव के रूप में हुई है। उसने बताया कि उसने आत्मदाह की चेतावनी देते हुए पहले ही प्रशासन को लिखित सूचना दे दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। विवश होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा।
वीरेंद्र का आरोप है कि जब ग्रामीणों ने गांव को कटान से बचाने की मांग को लेकर पदयात्रा की थी, तब एसडीएम डा. पुष्कर मिश्रा की मौजूदगी में बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता संजय मिश्रा ने 10 मड पंप लगाने और जियो ट्यूब के जरिए कटान रोकने का भरोसा दिया था।
इसके बाद भी धरातल पर अपेक्षित काम नहीं हुआ और कटान लगातार गांव को निगलता रहा। घटना के समय प्रभारी निरीक्षक राजकेसर सिंह व अजय पाल पुलिस बल के साथ तहसील परिसर में मौजूद थे। महाराजपुर नाहर छपरा में लगातार हो रहे कटान से घर नदी में समा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।