जलजमाव से राहगीर संकट में, संक्रामक रोग का खतरा
जागरण संवाददाता रतसर (बलिया) विकास खंड गड़वार क्षेत्र जनऊपुर में सड़क पर जलजमाव की सम
जागरण संवाददाता, रतसर (बलिया) : विकास खंड गड़वार क्षेत्र जनऊपुर में सड़क पर जलजमाव की समस्या से ग्रामीण जूझ रहे हैं। जनऊपुर, यादव बस्ती के समीप घरों के नाबदान का पानी गिरने के कारण जलभराव हमेशा बना रहता है। इसके चलते लगभग दो दर्जन से अधिक गांवों के लोग संकट में है। यह स्थिति नाबदान का पानी एकत्र होने के कारण उत्पन्न हुई है।
जलजमाव से मच्छर जनित अनेक बीमारियों के फैलने का खतरा है। ग्रामीणों के अनुसार कि यदि नाली का निर्माण हो जाए तो इस समस्या से निजात मिल सकती है। गांव निवासी बचनदेव यादव, जयनारायन यादव, राजदेव यादव, नंदलाल यादव, सरल चौधरी ने अविलंब नाली निर्माण की मांग की है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी विनोद मणि त्रिपाठी ने बताया कि नाली निर्माण के लिए ग्राम सभा की बैठक में कार्ययोजना को शामिल किया गया है। शासन से धन उपलब्ध होने पर कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा।