युवक की मौत से गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात
जागरण संवाददाता सुखपुरा (बलिया) थाना क्षेत्र के भरखरा ग्राम में शनिवार को विवाद के बाद कु
जागरण संवाददाता, सुखपुरा (बलिया) : थाना क्षेत्र के भरखरा ग्राम में शनिवार को विवाद के बाद कुएं में गिरने से युवक हरगोविद यादव की मौत हो गई थी। इस घटना के दूसरे दिन भी शनिवार को गांव में भारी तनाव के बीच मातमी सन्नाटा पसरा रहा। पीड़ित परिवार के सदस्यों का करुण क्रंदन जहां नीरवता को भेद रहा था वहीं उनकी नजरें आने जाने वालों से सवाल भी कर रही थी। अपलक लोगों को निहारते परिजन शायद यही पूछ रहे थे कि आखिर हरगोविद का कसूर क्या था।
शुक्रवार को दो पक्षों में हुई मारपीट की घटना के दौरान कुएं में गिरने से हरगोविद यादव (28) की मौत हो गई थी। हरगोविद की शादी तीन साल पहले ही नगरा थाना क्षेत्र के जुड़नपुर गांव में हुई थी। घटना के वक्त मृतक की पत्नी संगीता अपने सात माह के बच्चे के साथ मायके में थी। घटना के बाद भरखरा पहुंची संगीता की चित्कार से लोगों की आंखों नम हो जा रही हैं। उधर घटना को लेकर कोई भी कुछ कहना मुनासिब नहीं समझ रहा। वहीं तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात है।
पुलिस पर लग रहा आरोप
पीड़ित परिवार पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहा है। मृतक की भाभी प्रेमशीला का कहना है कि डायल 112 के सिपाहियों ने तत्परता दिखाई होती तो हरगोविद की जान बचाई जा सकती थी। सूचना के बावजूद घटना स्थल पर आने की बजाए पुलिस सड़क पर खड़े हो तमाशा देखती रही। वहीं घटना के 24 घंटे बाद भी पंचनामा न किए जाने से लोगों में आक्रोश है। यही नहीं पीड़ित पक्ष के दो व्यक्तियों को हिरासत में लिए जाने से नाराज प्रेमशीला ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया। कहा कि घटना में मेरे अलावा मेरी भतीजी ज्योति (18) व भतीजा पवन (19) घायल हैं। बावजूद पुलिस मेडिकल नहीं करा रही है। ग्रामीणों के अनुसार घटना का ताना-बाना डेढ़ साल पहले से ही बुना जा रहा था। दोनों पक्षों में वर्चस्व की लड़ाई काफी दिनों से चल रही थी।
पकड़ से दूर आधा दर्जन आरोपित
घटना में नामजद किए गए सात आरोपियों में से केवल एक आरोपित को ही पुलिस अब तक गिरफ्तार कर पाई है। शेष छह आरोपित अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। हालांकि पुलिस शेष आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा कर रही है लेकिन गुजरते समय के साथ पीड़ित परिवार की आशंका गहराती जा रही है।