छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना, 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत कर रहीं महिलाएं
बलिया में छठ महापर्व की व्यापक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, जहां नहाय-खाय के बाद व्रती आज खरना करेंगी। इस ...और पढ़ें

20 हजार दुकानें लगीं फल व सामग्री की, छठ में हर तरफ दिख रहा सेवा भाव।
HighLights
बलिया में छठ महापर्व की व्यापक तैयारियां, सेवा भाव से जुटे लोग।
पवित्रता और पारंपरिक सामग्री का विशेष ध्यान, मुफ्त पिसाई सेवा।
नहाय-खाय के बाद खरना, घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।
जागरण संवाददाता, बलिया। छठ की पवित्रता और संस्कार पर आज भी आधुनिकता का असर नहीं पड़ा है। छठ में परंपरा व पवित्रता को महत्व दिया जाता है। मिट्टी के चूल्हे, आम की लकड़ी, जांते में पीसे गए गेहूं का आटा का कोई विकल्प नहीं चुनता। शहर में अब जांता नहीं के बराबर है, लेकिन हर मोहल्ले में आटा चक्की की धुलाई कर छठ का प्रसाद के लिए गेहूं की पिसाई की जा रही है।
पुण्य कमाने के लिए मिल मालिक प्रसाद का गेहूं मुफ्त पीस रहे हैं। लोक आस्था का महापर्व छठ में हर तरफ सेवा का भाव दिख रहा है। गांव के लोग स्वयं से सड़क और घाट की सफाई करते दिख रहे हैं। शुक्रवार को महिलाएं नहाय-खाय के साथ व्रत आरंभ कीं। आज शनिवार को व्रती दिन भर व्रत रहने के बाद शाम को खरना करेंगी। रविवार को डूबते सूर्य को अर्ध्य देंगी। सरोवरों, नदी घाटों को लाइट से सजाया गया है।
जनपद के 940 ग्राम पंचायत और 12 निकायों में छठ पर्व को लेकर जगह-जगह दुकाने सजीं हैं। पूरे जनपद में 20 हजार से अधिक दुकानें लगी हैं। ये दुकाने सब्जी विक्रेता और अन्य व्यवसायी लगाएं हैं। हर जगह मेले जैसा दृष्य है। कोराबार भी करोड़ों में होने का अनुमान है। छठ घाट पर भी लोग अपना स्थान सुरक्षित कर लिए हैं। बिहार से सटे होने के कारण जिले में छठ पर्व का स्वरूप पूरी तरह उसी तरह का है।
हर तरफ पारंपरिक छठ गीत बज रहे हैं। कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए। केरवा जे फरेलाखवद से, ओह पर सुगा मेड़राए। केलवा के पात पर उगे लनसुरुजमल झांके झुके, के करेलू छठ बरतिया से झांके झुके आदि गीत हर क्षेत्र में छठ पर्व के महत्व को और भी मजबूती दे रहे हैं। आचार्य पंडित डा. अखिलेश पांडेय ने बताया कि कि प्रकृति के छठे स्वरूप का प्रतीक छठी मइया की पूजा एक महापर्व है। इस पर्व में भगवान सूर्य की उपासना कर उगते सूरज के साथ-साथ डूबते सूरज को भी अर्घ्य दिया जाता है।
शहर से गांव तक दिन भर होती रही तैयारी
शहर में नगर पालिका द्वारा नगर के टाउन हाल, रामलीला मैदान, शनिचरी मंदिर, महावीर घाट की साफ-सफाई कर सजावट की गई है। इसके अलावा नगर के लाल घाट, बहादुरपुर, नगर से सटे निधरिया, अगरसंडा, मिड्ढा के घाटों को भी सजाया गया है। समिति व प्रधानों द्वारा सभी तरह के इंतजाम किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र में भरौली, उजियार घाट, मझौवा, पचरूखिया घाट, सिताबदियारा गंगा व सरयू घाट, भागड़ नाला घाट पर भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
नदी घाट पर रहेंगे गोताखोर
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने छठ पर्व को लेकर निर्देश जारी किया है। उन्होंने कहा है कि हर तहसील क्षेत्र में उपजिलाधिकारी छठ घाटों पर गोताखारों की की भी व्यवस्था रखें। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस भी चक्रमण करती रहेगी। डीएम ने नदी तट पर या तालाब पर व्रतियों के लिए हर सुविधा का प्रबंध करने को कहा है।
छठ व्रत के नियम
आचार्य वीरेंद्र चौबे ने बताया कि व्रतियों को पूरे दिन उपवास रखकर शाम के समय डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के लिए पूजा की सामग्रियों को टोकरी में रखकर घाट पर ले जाना चाहिए। शाम को सूर्य को अर्घ्य देने के बाद घर आकर सारा सामान वैसे ही रखना चाहिए। शाम को चढ़ाया गया फल रखकर सुबह में नए फल से सूर्य को अर्ध्य देना चाहिए।
सुबह में सूर्य निकलने से पहले ही घाट पर पहुंचना चाहिए। उगते हुए सूर्य की पहली किरण को अर्घ्य देना चाहिए। इसके बाद घाट पर छठ माता को प्रणाम कर उनसे संतान रक्षा का वर मांगना चाहिए। अर्घ्य देने के बाद घर लौटकर प्रसाद खाकर व्रत खोलना चाहिए।
-----
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।