मुंडन संस्कार को लेकर गंगा तट पर रही चहल-पहल
-भीड़ से बलिया-बैरिया मार्ग पर जाम की स्थिति हुई पैदा -मंगलसूत्र लेकर भाग रही दो महिलाओं को युवकों ने पकड़ा
जागरण संवाददाता, बलिया: मुंडन संस्कार को लेकर शुक्रवार को शहर सहित गंगा तटों पर चहल-पहल रही। भोर से ही मंगल गीत गाते हुए महिलाएं बस, लग्जरी, ट्रैक्टर व जीप आदि साधनों से मंगल गीत गाते हुए पहुंचीं। वहां पर गंगा का पूजन-अर्चन के साथ ही मुंडन संस्कार की रस्म पूरी की। वाहनों की अधिकता बढ़ जाने से कई बार चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रही।
मझौवां : क्षेत्र के हुकुम छपरा, पचरूखिया, हल्दी, हांसनगर आदि गंगा घाटों पर मुंडन संस्कार के लिए भीड़ लग जाने के कारण बलिया- बैरिया मार्ग (एनएच 31) के पटरियों पर वाहनों के खड़े हो जाने से जाम की स्थिति पैदा हो गई, जो देर शाम तक बनी रही। हल्दी पुलिस को जाम हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं मुंडन संस्कार में भीड़ के चलते गंगा में संचालित नौकाओं पर क्षमता से अधिक लोग सवार होते देखे गए।
हुकुम छपरा गंगा घाट पर एक महिला का मंगलसूत्र लेकर भाग रही दो तथाकथित महिलाओं को युवकों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची 100 नंबर पुलिस ने उक्त महिलाओं को हल्दी थाने ले गई। समाचार लिखे जाने तक महिलाओं से पूछताछ जारी थी।