'अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं अखिलेश यादव'; बलिया में बोले ओमप्रकाश राजभर
बलिया में ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे मानसिक संतुलन खो चुके हैं और उनकी पीडीए की राजनीति दिशाहीन है।

ओमप्रकाश राजभर
HighLights
राजभर ने अखिलेश यादव को मानसिक रूप से असंतुलित बताया।
अखिलेश की पीडीए राजनीति पर भी उठाए गंभीर सवाल।
सोनिया गांधी पर वंदे मातरम अपमान को लेकर साधा निशाना।
जागरण संवाददाता, बलिया। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सोमवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। बलिया के रसड़ा में एक कार्यक्रम में पहुंचे राजभर ने पत्रकारों से बातचीत में महिलाओं को साथ लेकर सरकार बनाने संबंधी अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें अब समझ में नहीं आ रहा कि वह क्या बोल रहे हैं और क्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं।
ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले पंडितों की बात की जा रही थी, अब पंडितजी कहां गए। उन्होंने कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक भी गायब हो गए हैं।
अखिलेश यादव खुद तय नहीं कर पा रहे हैं कि पीडीए को किस आधार पर खड़ा करना है। महिला आरक्षण संबंधी मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जब विरोध करने वाले लोग जनता के बीच जाएंगे तो महिलाएं उनका झाड़ू-बेलन लेकर स्वागत करेंगी।
अवंतीबाई लोधी की स्वर्ण प्रतिमा लगाए जाने के सवाल पर भी उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच साल सत्ता में रहने के दौरान क्या किसी महापुरुष की प्रतिमा लगाई गई।
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर भी साधा निशाना
वंदे मातरम के कथित अपमान को लेकर राजभर ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि संसद में वंदे मातरम को लेकर नियम पारित हो चुका है और देश कानून व संविधान के अनुसार चलता है।
कानून का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संविधान से हटकर कोई भी कदम उठाएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। जब विधेयक लोकसभा, राज्य सभा से पास हो गया तो उसको सबको मानना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- ‘कहां-कहां से आ गए थे, चवन्नी का रुपया बना दिया, फिर भी.. अखिलेश यादव का जयन्त चौधरी पर तीखा हमला
