अधिकारियों को स्थायी राजा बनकर नहीं, सेवक की तरह करना चाहिए काम : हरिवंश
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने अपने पैतृक गांव जयप्रकाशनगर में ग्रामीणों से संवाद कर बुनियादी सुविधाओं की बदहाली पर अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्थायी राजा न बनकर सेवक की तरह काम करने की नसीहत दी और मुख्यमंत्री को समस्याओं से अवगत कराने का आश्वासन दिया।

उपसभापति हरिवंश ने बलिया में अधिकारियों की कार्यशैली पर जताई नाराजगी।
HighLights
हरिवंश ने जयप्रकाशनगर में ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं जानीं।
अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए सेवक बनने को कहा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ग्राम सचिवालय की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त की।
जागरण संवाददाता, बलिया। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने अपने पैतृक गांव जयप्रकाशनगर के दलजीत टोला में दो दिवसीय प्रवास के दौरान ग्रामीणों से संवाद कर गांव की बुनियादी सुविधाओं का हाल जाना। ग्रामीणों ने उनके समक्ष बदहाल सड़कों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अव्यवस्था, ग्राम सचिवालय की दुर्दशा और परिषदीय विद्यालयों की समस्याएं रखीं।
शिकायतें सुनकर हरिवंश ने अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अफसरों को स्थायी राजा बनकर काम नहीं करना चाहिए। जनता की समस्याओं के प्रति उन्हें सदैव संवेदनशील और जवाबदेह रहना चाहिए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी दायित्व है कि वे जनता को मिलने वाली सुविधाओं पर नजर रखें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जयप्रकाशनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 100 बेड के अस्पताल की मान्यता दी है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता से यहां की व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है। अस्पताल में तीन चिकित्सकों की तैनाती बताई जाती है, लेकिन नियमित रूप से महज एक चिकित्सक ही उपलब्ध रहते हैं।
कई ऐसे कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है, जिनकी कार्यशैली व्यवस्था को प्रभावित कर रही है। यह स्थिति चिंताजनक है। गांव की सड़क की बदहाली की जानकारी उन्हें लगातार मिल रही है। इन सभी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा, ताकि संबंधित विभागों की जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
ग्राम सचिवालय के लिए दान दी भूमि, दान, सुविधाएं नदारद
हरिवंश ने अपने आवास के सामने बने ग्राम सचिवालय की बदहाली पर भी गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 2023 में ग्राम सचिवालय के निर्माण के लिए लगभग 19 लाख रुपये मूल्य की निजी भूमि दान दी थी। इसके बावजूद अधिकारी इसकी व्यवस्था दुरुस्त कराने की सुधि नहीं ले रहे हैं।
जबकि शासन से निर्देश है कि ग्राम सचिवालय में 23 तरह के कार्य की सुविधा दी जाए। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों बलिया आगमन के दौरान उन्होंने बलिया के उच्च अधिकारियों से मौखिक रूप से ग्राम सचिवालय का निरीक्षण कर व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया था, लेकिन वह पहुंचे ही नहीं, यह दुखद है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की ऐसी कार्यशैली जनहित के विपरीत है।
वह रविवार को सुबह में दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर रामबाबू यादव, गजेंद्र सिंह, राजेश सिंह, रवींद्र सिंह, संतोष सिंह, श्रीप्रकाश सिंह, शिवाधार सिंह, शिवपरसन सिंह, राज बिहारी सिंह, रमेश सिंह, अर्जुन सिंह, पल्लू सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।