होम क्वारंटाइन के लिए बने सेंटरों का अफसरों ने लिया जायजा
होम क्वारंटाइन के लिए बने संटरों का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
जागरण संवाददाता, बलिया : विभिन्न महानगरों व विदेश से आने वाले व्यक्तियों को 14 दिन के होम क्वारंटाइन के चुने गये केंद्रों का सोमवार को निरीक्षण जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही व पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ ने किया। नगर के नागाजी स्कूल माल्देपुर, केंद्रीय विद्यालय व सेंट जेवियर स्कूल में जाकर वहां की व्यवस्था का जायजा लिया। शहर से सटे छह विद्यालयों को जिला प्रशासन ने क्वारंटाइन सेण्टर बनाया है। इसके अलावा हर तहसील में एक-एक क्वारंटाइन केंद्र बनाए गए हैं।
तीन दिन में आए ढाई हजार लोग
जिलाधिकारी ने बताया कि क्वारंटाइन सेंटर सेंट जेवियर्स स्कूल धरहरा में गैर जनपद से आने वाले 150 व्यक्तियों को रखा गया है। पिछले तीन दिनों में विभिन्न जनपदों व महानगरों से लगभग 2500 नये व्यक्तियों का आगमन हुआ है।
पालन न करने वालों पर मुकदमा
डीएम ने साफ किया है कि प्रत्येक व्यक्ति व परिवार को होम क्वारंटाइन अनिवार्य है। जो इसका पालन नहीं करेगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गायब अफसरों पर डीएम ने तरेरी आंखें
विपदा की इस घड़ी में भी जिला के दर्जनभर अधिकारी गायब हैं। डीएम ने इस पर सख्त नाराजगी जाहिर की है। सोमवार को सीडीओ से इसकी जानकारी ली तो जिला गन्ना अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी रामसहाय प्रजापति, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य संजय कुमार, परियोजना अधिकारी नेडा सीपी वर्मा, सहायक अभियन्ता उप्र राजकीय निर्माण निगम विनोद यादव, अपर मुख्याधिकारी जिला पंचायत रमेश सिंह व जिला पंचायत के अभियंता मनोज सिंह, लोनिवि एक्सईएन एके सिंह मुख्यालय से बाहर मिले। चेताया कि एक अप्रैल तक रिपोर्ट न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा कर निलंबित कर दिया जाएगा। चिकित्सकों के साथ की बैठक
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सीएमओ, सीएमएस सहित अन्य डॉक्टरों के साथ बैठक की। साथ ही कोरोना के मरीजों की देखभाल के लिए बनाई गई 27 सदस्यीय टीमों के कुल 54 चिकित्सकीय दल से आवश्यक जानकारी ली। इस दौरान कार्यशाला व ब्रीफिग का आयोजन भी किया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को किया अटैच
जिलाधिकारी ने संयुक्त मजिस्ट्रेट द्वय विपिन जैन व अन्नपूर्णा को लॉकडाउन की पूरी अवधि में जनपद मुख्यालय से अटैच कर दिया। चिकित्सालय के अलावा 30 बेड के अलग से कोरोना मरीजों को रखे जाने के लिए बनाये जाने वाले कार्य की तैयारी व प्रबन्ध की व्यवस्था में सहयोग करने को कहा है। सहयोग के लिए करें कॉल
जिला प्रशासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर में आंशिक संशोधन किया गया है। अब 05498-220857 के अलावा हेल्पलाइन नम्बर 9628757321 पर भी फोन कर जरूरी जानकारी ली या दी जा सकती है।