विद्यालयों में संगीत की शिक्षा अत्यंत जरूरी : कैलाश खेर
जासं सुखपुरा (बलिया) डीएसईटी पब्लिक स्कूल सोबईबांध करनई में मंगलवार को संगीतज्ञ स्व.ललिता वेंकटरमन की स्मृति में बने संगीत ऑडिटोरियम एवं विश्वनाथ तिवारी की स्मृति में पुस्तकालय का उद्घाटन महान सूफी गायक कैलाश खेर ने किया।
जासं, सुखपुरा (बलिया) : डीएसईटी पब्लिक स्कूल सोबईबांध करनई में मंगलवार को संगीतज्ञ स्व.ललिता वेंकटरमन की स्मृति में बने संगीत ऑडिटोरियम एवं विश्वनाथ तिवारी की स्मृति में पुस्तकालय का उद्घाटन महान सूफी गायक कैलाश खेर ने किया। इस मौके पर ऑडिटोरियम में उन्होंने मीराबाई का एक भजन गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पूर्व विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कहा कि पुस्तकालय एवं वाचनालय से जहां बच्चों को पढ़ने की सुविधा प्राप्त होती है वहीं संगीत उनमें उर्जा पैदा करता है। इससे बच्चों के पठन-पाठन में अत्यधिक रुचि बढ़ती है और वह मन लगाकर पढ़ते हैं। विद्यालयों में संगीत की शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। इससे हम अपनी संस्कृति व शास्त्रीय संगीत की जानकारी बच्चों को दे पाएंगे। आज शास्त्रीय संगीत से युवा दूर हो रहे हैं। ऐसे में हमे अपनी थाती को बचाना है। इसके लिए विद्यालय सर्वोत्तम स्थान है। डॉ.विजय नाथ तिवारी, विनय तिवारी, एके पांडेय, प्रियव्रत दुबे, वीरेंद्र गिरि, मयूरी पांडेय, सुनीता तिवारी, मीरा मिश्र, गिरिजा शंकर तिवारी आदि मौजूद थे। प्रधानाचार्य अनुभव दुबे ने आभार व्यक्त किया।