सिंचाई विभाग में नौकरी के नाम पर बलिया के युवक से मऊ के आरोपित ने रुपये हड़पे
मऊ के एक व्यक्ति ने बलिया के युवक को सिंचाई विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 9.20 लाख रुपये ...और पढ़ें

सिंचाई विभाग में नौकरी के नाम पर बलिया के युवक से 9.20 लाख की ठगी।
HighLights
बलिया के युवक से 9.20 लाख रुपये की ठगी।
सिंचाई विभाग में नौकरी दिलाने का दिया था झांसा।
पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी का आरोप।
जागरण संवाददाता, बलिया। सिंचाई विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 9.20 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस चौकी में समझौता होने के बावजूद निर्धारित समय में रकम वापस नहीं की गई। अब रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला मऊ जिले में मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, बलिया जिले के दोकटी क्षेत्र के शिवपुर निवासी मनीष कुमार की मुलाकात बरहदपुर निवासी सत्येंद्र शर्मा से एक शादी समारोह में हुई थी। मनीष अपने पिता के साथ वहां गया था। बातचीत के दौरान सत्येंद्र ने उसे सिंचाई विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि इस झांसे में आकर मनीष ने यूपीआइ के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में कुल 9.20 लाख रुपये दे दिए।
कई महीने बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिली तो मनीष ने अपनी रकम वापस मांगी। जनवरी 2026 में उसने पुलिस चौकी खैराबाद में शिकायत की। इसके बाद 12 जनवरी को दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, जिसमें छह महीने के भीतर पूरी रकम लौटाने की सहमति बनी थी। पीड़ित का आरोप है कि समझौते की समयसीमा पूरी होने के बाद भी आरोपित ने रकम वापस नहीं की।
अब वह फोन भी नहीं उठा रहा है। रुपये मांगने और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। कोतवाली प्रभारी केके वर्मा ने बताया कि सत्येंद्र शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।