विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में बरात में खाना खाने को लेकर विवाद में चले ईट-पत्थर, 19 से अधिक घायल

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 25 Nov 2026 06:46 PM (IST)

रसड़ा के रौराचवर गांव में शादी समारोह में खाना खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने से दोनों पक्षों के 19 लोग घायल हो गए, जिनमें से 12 को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बलिया में बरात में खाने को लेकर विवाद, हिंसक झड़प में 19 घायल।

बलिया में बरात में खाने को लेकर विवाद, हिंसक झड़प में 19 घायल।

HighLights

  1. शादी समारोह में खाना खाने पर विवाद शुरू हुआ।

  2. विवाद ने हिंसक रूप लिया, लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चले।

  3. दोनों पक्षों के कुल 19 लोग घायल, 12 गंभीर रूप से।

जागरण संवाददाता, रसड़ा (बलिया)। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रौराचवर गांव में शादी समारोह के दौरान खाना खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बुधवार को हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और ईंट-पत्थर फेंके गए। इस घटना में दोनों पक्षों के 19 महिला-पुरुष घायल हो गए। इनमें 12 की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रौराचवर गांव निवासी श्यामलाल यादव की बेटी की शादी में मंगलवार की रात बरात आई थी। बरात में खाना खाने को लेकर युवकों के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदलने लगी। हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बीच-बचाव किया और किसी तरह मामला शांत करा दिया।

उस समय लोगों को लगा कि विवाद समाप्त हो गया है, लेकिन बुधवार को रात की घटना को लेकर फिर कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद लाठी-डंडों के साथ ईंट-पत्थर चलने लगे। मारपीट में महिला और पुरुष भी चोटिल हो गए। घटना में एक पक्ष से छोटेलाल यादव, लिट्टू देवी, प्रदीप यादव, भूपेंद्र यादव, विनोद यादव, रितिका यादव और संदीप घायल हुए।

वहीं दूसरे पक्ष से आदित्य यादव, अभिषेक यादव, रेखा देवी, मंदावती देवी, पुष्पा देवी, विवेक यादव, अखिलेश, यतेंद्र यादव, सोहन लाल, बिंदु देवी और अनुज यादव चोटिल हुए हैं। रसड़ा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस की मौजूदगी में सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा पहुंचाया गया, जहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है। रसड़ा पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।