विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया के सहतवार में पुरानी रंजिश में युवक को पीट-पीटकर मार डाला, एक अन्‍य घायल

By Vns Milan K. Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 10 Nov 2026 01:22 PM (IST)

बलिया के सहतवार में पुरानी रंजिश के चलते दो पड़ोसियों पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें विनोद राजभर की ...और पढ़ें

बलिया में पुरानी रंजिश ने ली जान, एक घायल।

बलिया में पुरानी रंजिश ने ली जान, एक घायल।

HighLights

  1. सहतवार में पुरानी रंजिश के चलते हमला हुआ।

  2. विनोद राजभर की पीट-पीटकर हत्या, एक घायल।

  3. पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाईं।

जागरण संवाददाता, बांसडीह (बलिया)। सहतवार कस्बे में सोमवार दोपहर करीब एक बजे पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। घर के आंगन में बैठकर बातचीत कर रहे दो पड़ोसियों पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिला अस्पताल से मऊ ले जाते समय रास्ते में एक घायल विनोद राजभर की मौत हो गई, जबकि सुदर्शन की हालत गंभीर बनी हुई है। क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं।

विनोद की पत्नी संजू देवी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि घटना के समय उनके पति विनोद राजभर और पड़ोसी सुदर्शन राजभर घर के आंगन में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान शुभम वर्मा समेत अन्य आरोपित लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

मारपीट के दौरान परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। आरोप है कि इसके बाद हमलावर गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां विनोद की हालत गंभीर होने पर उन्हें मऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

सूचना पर एसडीएम बांसडीह, सीओ जयशंकर मिश्र और तीन थानों की पुलिस फोर्स पहुंची। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके अलावा फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किया। इस संबंध में सीओ ने बताया कि जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।