बलिया में छठ की वेदी बनाने के बाद गंगा स्नान करने उतरे दो युवक डूबे, तलाश जारी
बलिया के माल्देपुर गंगा घाट पर छठ पूजा की तैयारी के दौरान गंगा स्नान करने उतरे दो युवक गहरे पानी ...और पढ़ें

बलिया में छठ पूजा की वेदी बनाते समय गंगा में डूबे दो युवक तलाश जारी।
HighLights
छठ पूजा की तैयारी में दो युवक डूबे।
माल्देपुर गंगा घाट पर हुआ यह दुखद हादसा।
एनडीआरएफ और पुलिस टीम तलाश में जुटी।
जागरण संवाददाता, फेफना (बलिया)। छठ महापर्व की तैयारियों के बीच शनिवार शाम माल्देपुर गंगा घाट पर बड़ा हादसा हो गया। छठ पूजा की बेदी बनाने के बाद गंगा स्नान और जल लेने नदी में उतरे दो युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची फेफना पुलिस, एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय लोग दोनों युवकों की तलाश में जुट गए।
हालांकि खबर लिखे जाने तक उनका कोई पता नहीं चल सका था। डूबने वाले युवकों की पहचान 19 वर्षीय मारुति नंदन गुप्ता पुत्र नारायण प्रसाद गुप्ता निवासी चित्तू पांडेय चौराहा, कोतवाली बलिया तथा 20 वर्षीय रौनक श्रीवास्तव पुत्र आनंद प्रकाश श्रीवास्तव निवासी जगदीशपुर, पानी की टंकी के पास, थाना कोतवाली बलिया के रूप में हुई है।
वेदी बनाने और गंगाजल लाने निकले थे घर से
स्वजन के अनुसार दोनों युवक घर से माल्देपुर गंगा घाट पर छठ पूजा की बेदी बनाने और गंगाजल लेकर वापस आने की बात कहकर निकले थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी जानकारी लेने में जुटे थे। इसी बीच गंगा में डूबने की सूचना मिली तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन रोते-बिलखते घाट पर पहुंच गए।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार और एसडीएम सदर गोपेश तिवारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस और एनडीआरएफ की टीम युवकों की तलाश में जुटी रही। स्थानीय लोग भी खोजबीन में सहयोग कर रहे थे। छठ महापर्व को लेकर जहां घरों में उत्साह और खुशियों का माहौल था, वहीं दो युवकों के गंगा में डूबने की खबर से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घाट पर मौजूद लोगों में भी शोक और चिंता का माहौल बना रहा।