विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ददरी मेले की चेतक प्रतियोगिता में बिहार के घोड़ों का दबदबा, भोजपुर के ‘सम्राट’ ने मारी बाजी

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 29 Nov 2026 06:16 PM (IST)

बलिया के ददरी मेले में ऐतिहासिक चेतक प्रतियोगिता (कदमताल) में यूपी और बिहार के घुड़सवारों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। बिहार के घोड़ों ने दबदबा बनाया, जिसमें भोजपुर के 'सम्राट' ने पहला स्थान हासिल किया और हजारों दर्शक उमड़े।

ददरी मेले की चेतक प्रतियोगिता में बिहार के घोड़ों का जलवा भोजपुर के सम्राट ने मारी बाजी।

ददरी मेले की चेतक प्रतियोगिता में बिहार के घोड़ों का जलवा भोजपुर के सम्राट ने मारी बाजी।

HighLights

  1. बलिया के ददरी मेले में ऐतिहासिक चेतक प्रतियोगिता का आयोजन।

  2. बिहार के घोड़ों का दबदबा, भोजपुर के 'सम्राट' ने जीता पहला स्थान।

  3. यह प्रतियोगिता पारंपरिक घुड़सवारी कला और ग्रामीण खेल संस्कृति को सहेजती है।

जागरण संवाददाता, बलिया। ददरी मेले की ऐतिहासिक चेतक प्रतियोगिता (कदमताल) में रविवार को घोड़ों की टाप और दर्शकों के उत्साह ने नंदी ग्राम का माहौल रोमांच से भर दिया। यूपी और बिहार के घुड़सवारों के बीच हुई कांटे की टक्कर देखने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी। घोड़ों की शानदार चाल, फुर्ती और घुड़सवारों के संतुलन ने लोगों को खूब आकर्षित किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह मस्त और जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में बिहार के घुड़सवारों ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। लीग मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार के घोड़े फाइनल तक पहुंचे और वहां भी अपनी बढ़त कायम रखी।

भोजपुर (बिहार) के डब्लू राय के ‘सम्राट’ घोड़े ने अपनी बेहतरीन चाल और फुर्ती के दम पर पहला स्थान हासिल किया। मोतिहारी के फरहान खान का घोड़ा ‘बाबा’ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि सेमरी बक्सर के योगेंद्र ठाकुर का घोड़ा ‘बक्सर एक्सप्रेस’ तीसरे स्थान पर रहा।

इस बार प्रतियोगिता में कुल 25 घोड़ों ने अपने घुड़सवारों के साथ हिस्सा लिया। यूपी और बिहार के प्रतिभागियों के बीच हर दौर में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैदान में घोड़ों की कदमताल के साथ घुड़सवारों का कौशल भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। फाइनल मुकाबले के दौरान दर्शकों की निगाहें मैदान पर टिकी रहीं और विजेताओं के प्रदर्शन पर खूब तालियां बजीं।

प्रतियोगिता के समापन पर नगरपालिका अध्यक्ष संत कुमार गुप्ता मिठाई लाल, सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा की ओर से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले घुड़सवार को बुलेट बाइक, दूसरे स्थान के विजेता को बाइक और तीसरे स्थान पर रहे घुड़सवार को स्कूटी प्रदान की गई।

ददरी मेले की यह प्रतियोगिता केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की पारंपरिक घुड़सवारी कला और ग्रामीण खेल संस्कृति को सहेजने का भी माध्यम है। नंदी ग्राम में उमड़ी हजारों की भीड़ ने साबित कर दिया कि आधुनिक मनोरंजन के दौर में भी चेतक प्रतियोगिता का आकर्षण बरकरार है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।