खाद्यान्न वितरण में भेदभाव रोके सरकार
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री नारद राय ने खाद्यान्न वितरण में भेदभाव करने का आरोप लगाया। कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री आपदा की इस घड़ी में सभी को राहत सामग्री उपलब्घ कराने की बात कर रहे हैं।
जागरण संवाददाता, बलिया: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री नारद राय ने खाद्यान्न वितरण में भेदभाव करने का आरोप लगाया। कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री आपदा की इस घड़ी में सभी को राहत सामग्री उपलब्घ कराने की बात कर रहे हैं। वहीं गरीब, कमजोर व निराश्रितों को खाद्यान्न देने में भेदभाव किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी की सरकार आपदा के समय में दिल खोल कर सबका मदद करती रही है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि 2016 कर बाढ़ की विभीषिका रही हो या ओला वृष्टि प्रत्येक विकट परिस्थिति में सपा सरकार लोगों के सुख-दुख में खड़ा रही। यहां तक कि पिछले दिनों बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में वर्तमान सरकार ने बिना भेदभाव के राहत सामग्री उपलब्घ कराया था लेकिन संकट की इस घड़ी में भाजपा सरकार गरीबों के साथ ऐसा भेदभाव क्यों कर रही है यह समझ से परे है। प्रधानमंत्री समस्त जॉब कार्ड धारकों को राहत देने की बात करते हैं लेकिन जनपद में साल 2019 व 2020 में सक्रिय मनरेगा मजदूरों को ही खाद्यान्न दिया जा रहा है। यह कहां का न्याय है। कहा कि सरकार को गांव के प्रधान व सचिवों से गरीबों की सूची मांग कर मुफ्त राशन, मिट्टी का तेल और जरूरत का सामान वितरित कराना चाहिए। इसके पहले पूर्व मंत्री ने शहर के काजीपुरा, विजईपुर, घुरहू नारायण के छपरा के गरीबों को लंच पैकेट वितरित किया। इस दौरान मंटू दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।