रहनुमाओं की नजरों से ओझल हुआ गौरी भइया मिनी स्टेडियम
फेफना विधानसभा क्षेत्र के चार बार विधायक व प्रदेश सरकार
जागरण संवाददाता, सागरपाली (बलिया) : फेफना विधानसभा क्षेत्र के चार बार विधायक व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे गौरी भइया के नाम पर उनके पैतृक गांव सागरपाली आदर्श नगर में बना मिनी स्टेडियम संसाधनों के अभाव से जूझ रहा है। स्टेडियम में किसी खेल का आयोजन होने पर दर्शक जान जोखिम में डालकर मकानों की छत पर पर बैठकर खेल देखते हैं।
शासन व प्रशासन की अनदेखी के कारण यहां खेल संसाधन का अभाव है। क्षेत्रीय युवा अपने पंसदीदा खेल नहीं खेल पाते हैं। इस स्टेडियम में संसाधन बढ़ाने की मांग लंबे से की जा रही है लेकिन अभी तक उम्मीदों को पंख नहीं लग पाए। रहनुमाओं की नजरों से भी यह स्टेडियम ओझल रह गया।
आल इंडिया फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन
इस स्टेडियम में हर साल आल इंडिया फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन होता है। इसमें कई जनपदों की टीमें भाग लेती हैं। दो दिन पूर्व फुटबाल मैच का उद्धाटन राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने किया था। उन्होंने स्टेडियम में संसाधन बढ़ाने व दर्शक दीर्घा का निर्माण कराने का आश्वासन दिया। इसके पूर्व स्थानीय विधायक व तत्कालीन खेल मंत्री रहे उपेंद्र तिवारी ने स्टेडियम में ओपेन जीम, लाइट, दर्शक दीर्घा, खेल संसाधन सहित अन्य सुविधा बढ़ाने का आश्वासन दिया था। अब जब तक इस स्टेडियम का कायाकल्प नहीं हो जाता खिलाड़ियों को किसी की भी बातों पर भरोसा नहीं है। गौरी भैया के नाम पर बने मिनी स्टेडियम में शासन स्तर से अब तक कोई सहायता नहीं मिली। राज्यसभा सांसद नीरज शेखर के प्रयास से 12 लाख का धन स्वीकृत हुआ था लेकिन कोरोना के कारण अब तक नहीं मिल सका। धन आने के बाद इसमें पहले दर्शक दीर्घा का निर्माण ही कराया जाएगा।
वीरेंद्र सिंह अकेला
स्टेडियम कमेटी पदाधिकारी