विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ददरी मेला के नंदी ग्राम में शुरू हुई पशुओं की जुटान, छठ बाद बढ़ेगी रौनक

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 12 Nov 2026 06:05 PM (IST)

बलिया का ऐतिहासिक ददरी पशु मेला (नंदी ग्राम) दीपावली के बाद फिर से गुलजार हो रहा है, जिसमें घोड़े और ...और पढ़ें

ददरी मेला के नंदी ग्राम में पशुओं का जुटान शुरू छठ के बाद बढ़ेगी रौनक।

ददरी मेला के नंदी ग्राम में पशुओं का जुटान शुरू छठ के बाद बढ़ेगी रौनक।

HighLights

  1. ददरी पशु मेला कोरोना व लंपी के बाद फिर शुरू।

  2. छठ पर्व के बाद मेले में पशुओं की आवक बढ़ेगी।

  3. 24 नवंबर से सामान्य ददरी मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी।

जागरण संवाददाता, बलिया। ददरी मेले का ऐतिहासिक पशु मेला (नंदी ग्राम) इस बार फिर गुलजार होने लगा है। दीपावली के अगले दिन सोमवार से शुरू हुए मेले में फिलहाल घोड़े और गर्दभ पहुंच रहे हैं। कोरोना संक्रमण और इसके बाद लंपी बीमारी के चलते पिछले कई वर्षों तक स्थगित रहे पशु मेले के दोबारा आयोजन से पशुपालकों और व्यापारियों में उत्साह है। छठ महापर्व के बाद मेले की रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।

मेले के पहले दिन दो-चार पशु ही पहुंचे थे, लेकिन उसके बाद से इनकी संख्या में बढ़ोतरी होने लगी है। अब तक 44 घोड़े मेला क्षेत्र में दाखिल हुए हैं। पशुओं के आने से मेला परिसर में चहल-पहल बढ़ने लगी है। लोग पशुओं को देखने के साथ उनकी खरीद-बिक्री के लिए मोलभाव भी कर रहे हैं। पशु व्यापारियों के अनुसार छठ पर्व के बाद बिहार सहित अन्य जनपदों और प्रदेशों से व्यापारियों का आगमन शुरू होगा।

खासकर बिहार से बड़ी संख्या में पशु व्यापारी यहां पहुंचते हैं। छठ पर्व के कारण फिलहाल उनका आगमन अपेक्षाकृत कम है। पर्व समाप्त होने के बाद गाय, भैंस, जर्सी बछिया और पड़ियों की आवक बढ़ने की संभावना है। इससे मेले में पशुओं की विविधता के साथ कारोबार भी बढ़ेगा। इधर, मेला क्षेत्र में पशुओं के चारे और श्रृंगार की दुकानें सज गई हैं।

व्यापारियों और पशुपालकों के लिए खाने-पीने की सामग्री भी उपलब्ध है। नगर पालिका की ओर से बिजली, टेंट सहित अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। पशुपालकों को उम्मीद है कि छठ के बाद ददरी का पशु मेला अपने पुराने स्वरूप में नजर आएगा। इससे पशु व्यापार को भी गति मिलेगी। पशु मेला की अवधि 30 नवंबर तक है।

कार्तिक पूर्णिमा से शुरू हो जाएगा सामान्य जन का ददरी मेला
कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर से 80 एकड़ में ऐतिहासिक सामान्य जन का ददरी मेला आरंभ हो जाएगा। यह 20 दिसंबर तक लगेगा। दुकानों के लिए भूमि आवंटन का कार्य चल रहा है। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को देखते हुए महावीर घाट से पीडब्ल्यूडी स्टोर तक पार्किंग की व्यवस्था करने तथा वहां कच्ची सड़क तैयार कराने के निर्देश जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की ओर से दिए गए हैं। घाट पर पर्याप्त प्रकाश, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग, नाव, विद्युत व्यवस्था और पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया गया है।

भारतेंदु मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सजेगी शाम
-5 दिसंबर को प्रसिद्ध लोकगायिका कल्पना पटवारी अपनी प्रस्तुति देंगी।
-8 दिसंबर को बालीवुड नाइट में गायक सलमान अली व लिपिका आवाज का जादू बिखेरेंगी।
-11 दिसंबर को भोजपुरी गायक समर सिंह, खुशी कक्कड़ और सोना सिंह प्रस्तुति देंगे।
-13 दिसंबर को आध्यात्मिक माहौल के बीच संत समागम का आयोजन किया जाएगा।
-14 दिसंबर को बालीवुड अभिनेता गोविंदा मेले में पहुंचेंगे।
-17 दिसंबर को कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन होगा।
-19 दिसंबर को कव्वाली की महफिल सजेगी।
-20 दिसंबर को ऐतिहासिक ददरी मेले का समापन होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।