बाढ़ -राहत सामग्री वितरण को लेकर बाढ़ पीड़ितों का हंगामा
जासं मझौवां (बलिया) तहसीलदार सदर द्वारा बुधवार को रामगढ़ के बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री वितरण के समय अनियमितता का आरोप लगाकर बाढ़ पीड़ितों ने हंगामा किया।
--वितरण रोककर वापस लौटे तहसीलदार जासं, मझौवां (बलिया) : तहसीलदार सदर द्वारा बुधवार को रामगढ़ के बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री वितरण के समय अनियमितता का आरोप लगाकर बाढ़ पीड़ितों ने हंगामा किया। तहसीलदार बीच में ही वितरण बंदकर वापस बलिया लौट गए। उन्होंने कहा कि वितरण सूची को दोबारा सत्यापित कराने के बाद राहत सामग्री का वितरण कराया जाएगा।
बलिया से राहत सामग्री लेकर सदर तहसीलदार शिवसागर दुबे लेखपालों संग रामगढ़ पहुंचे और पूर्व में बनाई गई सूची के अनुसार पीड़ितों में बाढ़ राहत सामग्री का वितरण शुरू कराया। वितरण शुरू होते ही लोगों ने सूची पर आपत्ति दर्ज कराना शुरू किया। बाद में इसको लेकर बाढ़ पीड़ितों ने हंगामा कर दिया। तब तक 148 बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री वितरित की जा चुकी थी। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों व लेखपालों ने हंगामा शांत कराने का प्रयास किया कितु लोग शांत नहीं हुए। हंगामा बढ़ता देख तहसीलदार वितरण को बंद कराकर सूची के दोबारा सत्यापन के बाद वितरण कराने का आश्वासन देकर राहत सामग्री के साथ वापस लौट गए।