उम्मीद बहुत लेकिन कैसे होगा सर्वांगीण विकास पर बहस तेज
जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया) : गंगा उस पार नौरंगा में 18 अप्रैल को उप मुख्यमंत्री डा.दिने
जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया) : गंगा उस पार नौरंगा में 18 अप्रैल को उप मुख्यमंत्री डा.दिनेश शर्मा के आगमन को लेकर लोगों में कोई खास विकास की आस नहीं है। लगता है 2019 की चुनावी पृष्ठभूमि को मजबूत करने के लिए उप मुख्यमंत्री यहां आ रहे हैं। अगर यहां के लिए सौगात देने की बात होती तो लखनऊ से भी इसके लिए घोषणा हो सकती है। उपमुख्यमंत्री यहां विकास कार्यों की आधारशिला अपने आगमन पर रखते ¨कतु किसी भी योजना की आधारशिला रखने की तैयारी फिलहाल नहीं दिख रही है। हां, मंच से सौगातों की घोषणा जरूर हो सकती है। भले उस पर अमल हो या न हो।
उल्लेखनीय है कि विनय सहस्त्र बुद्धे के आगमन को लेकर नौरंगा के लोग जरूर कुछ उत्साहित हैं और लोगों का मानना है कि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जो कहते हैं वह करते हैं। अब समय बताएगा कि क्या कुछ उप मुख्यमंत्री डा.दिनेश शर्मा से घोषणा करवाते हैं और उसका धरातल पर कितना अनुपालन होता है। यहां के स्कूल, अस्पताल पशु अस्पताल, पिछले एक सप्ताह से समय से खुलने लगे हैं क्योंकि यहां अब अधिकारियों का आना-जाना शुरू हो गया है, नहीं तो विद्यालयों में अध्यापक व अस्पतालों में चिकित्सक ढूढने पर भी नहीं मिलते थे। ग्रामीणों ने बताया कि यहां का बाढ़ राहत केंद्र वर्षों से बदहाल है, पेयजल का बुरा हाल है, बिजली तो है ही नहीं। ऐसे में शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, पानी की व्यवस्था यह सरकार करा दे तो बहुत है। लोग वर्षों पूर्व स्थापित पुलिस चौकी को दोबारा स्थापित कराने की मांग उप मुख्यमंत्री से कर सकते हैं क्योंकि राहघाट की दुरुहता व बैरिया थाने से 15 किमी की दूरी वह भी गंगा नदी पार करके आना-जाना बहुत कठिन है। अपराधियों के मन में पुलिस के प्रति बिल्कुल भय नहीं है। देखना है कि क्या कुछ मिल पाता है वर्षों से उपेक्षित बैरिया विधानसभा क्षेत्र के गंगा उस पार के नौरंगा, भुवाल छपरा व चक्की नौरंगा गांवों को।