प्रत्यक्ष मतदान से हो ब्लाक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव
पंचायत राज ग्राम प्रधान संगठन की बैठक रामदहिनपुरम स्थित कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश महासचिव त्रिलोकीनाथ पांडेय ने ग्राम प्रधानों की तरह ही ब्लाक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव सीधे जनता से कराने की मांग की।
जागरण संवाददाता, बलिया : पंचायत राज ग्राम प्रधान संगठन की बैठक रामदहिनपुरम स्थित कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश महासचिव त्रिलोकीनाथ पांडेय ने ग्राम प्रधानों की तरह ही ब्लाक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव सीधे जनता से कराने की मांग की। कहा कि इसी उपाय से त्रिस्तरीय पंचायत को मनी व माफियाओं के चंगुल से बचाया जा सकता है। शायद यही वजह है कि उक्त दोनों प्रतिनिधि पांच साल तक अविश्वास प्रस्ताव के भय से सहमे रहते हैं।
आम जनता द्वारा चुने जाने पर ये प्रतिनिधि भी आम आवाम के प्रति जवाबदेह होंगे और विकास की गति भी तेज होगी। कहा कि जल्द ही प्रधान संघ का एक प्रतिनिधि मंडल राज्यपाल व मुख्यमंत्री से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा और भावनाओं से अवगत करायेगा। जिलामंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में इन प्रतिनिधियों का प्रत्यक्ष चुनाव होना नितांत आवश्यक है। मंडल प्रभारी सतीश सिंह ने भी इसका समर्थन किया। इस मौके पर श्रीराम तिवारी, राज नारायण उपाध्याय, पिटू मिश्र, नफीस अख्तर, गिरिगेश राय, अभिजीत तिवारी, नरेंद्र राय, रामदेच यादव, हीरालाल वर्मा, मनीष पांडेय, अजय चौबे, घनश्याम पांडेय, विमल पाठक आदि मौजूद थे। अध्यक्षता राधेश्याम यादव व संचालन हरेराम राय ने किया।