बलिया के ददरी पशु मेले में पहुंचा अब तक सबसे महंगा मेवाड़ी घोड़ा 11 लाख का 'देवसरपंच'
बलिया के ददरी मेले में 11 लाख रुपये का मेवाड़ी नस्ल का घोड़ा 'देवसरपंच' अब तक का सबसे महंगा घोड़ा ...और पढ़ें
HighLights
11 लाख का मेवाड़ी घोड़ा 'देवसरपंच' बना सबसे महंगा।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मेले का निरीक्षण किया।
मेले में 675 पशु, जिनमें 500 घोड़े शामिल हैं।
जागरण संवाददाता, बलिया। ददरी मेले के ऐतिहासिक पशु बाजार में इस बार 11 लाख रुपये कीमत के मेवाड़ी नस्ल के घोड़े 'देवसरपंच' ने अब तक के सबसे महंगे घोड़े का रिकॉर्ड बनाया है। 14 वर्षीय इस घोड़े को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।
मंगलवार को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जिलाधिकारी के साथ पशु मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देवसरपंच समेत विभिन्न नस्लों के घोड़ों की कद-काठी और बनावट देखी तथा देवसरपंच को सहलाया। मेले में छह लाख रुपये तक कीमत के घोड़े भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
इससे पहले शिवरामपुर के लंठू सवार की पांच लाख रुपये कीमत वाली घोड़ी 'रानी' सबसे महंगी थी। वहीं, सीवान के मो. सफरीयान का दो लाख रुपये कीमत वाला घोड़ा 'गुंडा' भी लोगों के आकर्षण का केंद्र है। मालिक के अनुसार, शरारती स्वभाव के कारण उसका नाम गुंडा रखा गया है। उसे संभालने में पांच-छह लोगों को लगाना पड़ता है। सीवान के राजा सिंह छह घोड़े लेकर पहुंचे थे।
इनमें से तीन घोड़े 3.50 लाख रुपये में बेचने के बाद उन्होंने पांच नए घोड़े खरीदे हैं। अब वह इन्हें बेचने के लिए सोनपुर मेले में जाएंगे। पशु मेले में दीपावली के अगले दिन सोमवार से शुरू हुए कारोबार के अभी तक 675 पशु मेले मेें आ चुके हैं। हालांकि इसमें लगभग 500 घोडे़ ही है। गोवंशीय पशुओं की संख्या मात्र 175 है। पशुओं के लिए भूसा, रस्सी और घंटियों की दुकानें सज गई हैं। प्रति पशु 300 रुपये मेला शुल्क निर्धारित है।