विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में 70 लवारिस शवों का अंतिम संस्कार कर देवाश्रम ने पेश की मानवता की मिसाल

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 12 Nov 2026 01:58 PM (IST)

बलिया में अंतिम संस्कार दल देवाश्रम ने एक वर्ष में 70 अज्ञात और लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार कर ...और पढ़ें

बलिया में देवाश्रम ने 70 लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कर मानवता का संदेश दिया।

बलिया में देवाश्रम ने 70 लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कर मानवता का संदेश दिया।

HighLights

  1. देवाश्रम ने बलिया में 70 लावारिस शवों का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया।

  2. संस्था मानवता और सामाजिक सरोकारों को सर्वोपरि मानकर अनुकरणीय कार्य कर रही है।

  3. प्रथम वर्षगांठ समारोह में समाजसेवियों ने संस्था के कार्य की सराहना की।

जागरण संवाददाता, बलिया। धन कमाने की आपाधापी के बीच कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो मानवता और सामाजिक सरोकारों को सर्वोपरि मानकर दूसरों के लिए मिसाल बन रहे हैं। ऐसा ही अनुकरणीय कार्य बलिया में अंतिम संस्कार दल देवाश्रम के सदस्य कर रहे हैं। पिछले एक वर्ष से यह दल उन अज्ञात और लावारिस शवों का पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर रहा है, जिन्हें अंतिम विदाई देने वाला भी कोई नहीं होता।

संस्था अब तक 70 बेसहारा शवों का अंतिम संस्कार करा चुकी है। अंतिम संस्कार दल देवाश्रम की प्रथम वर्षगांठ पर अगरसंडा स्थित सनबीम स्कूल के अभ्येति हाल में समारोह का आयोजन किया गया। संस्था की स्थापना पिछले वर्ष 10 नवंबर को हुई थी। सेवा समिति मिल रोड, परदह मऊ द्वारा संचालित इस संस्था की बलिया शाखा के सदस्य सूचना मिलते ही सक्रिय हो जाते हैं। स्वजन के अभाव में अंतिम संस्कार से वंचित अज्ञात शवों को धार्मिक परंपराओं के अनुरूप गंगा घाट पर ससम्मान अंतिम विदाई देते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी अरविंद शुक्ल और विशिष्ट अतिथि जयप्रकाश नारायण विश्वविद्यालय, छपरा के पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह ने तुलसी वेदी पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय के संगीत संकाय के विद्यार्थियों ने निर्गुण गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। विद्यालय के शिक्षक एवं साहित्यकार नवचंद्र तिवारी ने भी अपने निर्गुण गीत के माध्यम से उपस्थित लोगों को भावविभोर किया।

समारोह में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने संस्था के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि 'जय शिव, जय शव' मानवता का मूलमंत्र है। समाज के ऐसे कार्यों से ही मानवीय संवेदनाएं जीवित रहती हैं। सनबीम स्कूल के निदेशक डा. कुंवर अरुण सिंह के सहयोग से आयोजित समारोह में अतिथियों, दानदाताओं, समाजसेवियों, पत्रकारों एवं संस्था के सदस्यों को मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

संस्था के संस्थापक पीएन सिंह, जिलाध्यक्ष दीप नारायण सिंह, उपाध्यक्ष अनिल प्रताप नारायण, महामंत्री गणेश प्रसाद, मंत्री भरत प्रसाद, संगठन मंत्री रामाश्रय वर्मा, संयुक्त मंत्री जयप्रकाश कनौजिया, नंदिनी तिवारी, शिवकुमार सिंह कौशिकेय, भानु प्रताप सिंह, रजनीकांत सिंह, जिला फुटबाल सचिव पंकज सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश विक्रम सिंह एवं अमरेंद्र सिंह ने किया। अंत में विद्यालय के निदेशक डा. कुंवर अरुण सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।