बलिया में डेंगू का डंक तेज, मच्छरों के हवाले हो गया पूरा शहर
बलिया में डेंगू के 30 मामले सामने आने के बावजूद, शहर की बजबजाती नालियां और मच्छरों का प्रकोप जारी है, ...और पढ़ें

बलिया में डेंगू का डंक तेज, मच्छरों के हवाले शहर, नगर पालिका पर सवाल।
HighLights
बलिया में डेंगू के 30 मामले, मच्छर प्रकोप जारी।
नगरपालिका की सफाई व्यवस्था, फागिंग के दावे विफल।
नागरिक निजी खर्च पर मच्छरों से बचाव को मजबूर।
लवकुश सिंह, जागरण, बलिया। शहर की बजबजाती नालियां मच्छरों की नर्सरी बनी हुई हैं और नगरपालिका के सफाई व फागिंग के दावे कागजों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। इधर डेंगू के मरीजों की संख्या 30 तक पहुंच चुकी है, फिर भी मच्छरों के प्रकोप से निजात दिलाने की ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही।
हैरानी यह है कि नगरपालिका में सफाई के लिए 420 कर्मचारी तैनात हैं, जिनमें 165 स्थायी हैं। शहर के 25 वार्डों में सफाई और मच्छर नियंत्रण की जिम्मेदारी संभालने वाली व्यवस्था के पास फागिंग के लिए महज दो मशीनें हैं। पिछले दिनों नालियों की सफाई पर 55 लाख रुपये खर्च किए गए, इसके बावजूद मोहल्लों में नालियां जाम और गंदगी से बजबजा रही हैं।
हर वार्ड में फागिंग कराने का दावा भी लोगों को मच्छरों से राहत नहीं दिला सका है। सवाल यह है कि जब संसाधन और बजट दोनों मौजूद हैं तो शहर मच्छरों के हवाले क्यों है? करोड़ों रुपये के मासिक खर्च के बाद भी यदि नालियों में मच्छर पल रहे हैं और शहर के घरों में लोग मच्छरदानी व क्वायल के सहारे रात काटने को मजबूर हैं, तो जवाबदेही तय क्यों नहीं हो रही है?
मच्छरों से 15772 घरों के लोग परेशान
महायोजना-2031 में नगरपालिका की ओर से प्रस्तुत आंकड़े में नगरपालिका बलिया में 15772 भवन बताए गए हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार नगर की आबादी 1.04 लाख है।शहर में 44 छोटे बड़े नाले हैं। मच्छरों से बचाव के उपाय के नाम पर प्रति घर यदि मासिक 400 रुपये ही जोड़ा तो लोग व्यक्तिगत रूप से हर माह 63.08 लाख रुपये खर्च करते हैं, उसके बाद ही सुकून से सो पाते हैं।
मरीज मिलने पर 50 घरों तक होता दवा का छिड़काव
जिला सर्विलांस अधिकारी डा. अभिषेक मिश्रा ने कहा कि डेंगू एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जाता रहा है। कोई मरीज मिलने पर उसके आसपास के 50 घरों तक एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाता है। त्वचा पर चकत्ते, तेज सिर दर्द, पीठ दर्द, आंखों में दर्द, तेज बुखार, मसूड़ों से खून बहना, नाक से खून बहना, जोड़ों में दर्द, उल्टी, दस्त आदि डेंगू के प्रमुख लक्षण हैं। शिकायत होने पर लोगोें को जांच जरूर करानी चाहिए।
बोले लोग
-शाम होते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। घर के अंदर भी बैठना मुश्किल हो जाता है। बचने के लिए क्वायल और अगरबत्ती जलानी पड़ती है।-मो. अली उल्लाह।
-नालियों की नियमित सफाई नहीं होती। कई जगह पानी जमा रहता है, जिससे मच्छर पनप रहे हैं। फागिंग से भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है।-खरजान अली।
-शाम के समय दुकान पर बैठना मुश्किल हो जाता है। ग्राहक भी मच्छरों से परेशान रहते हैं। नगरपालिका के फागिंग का असर कहीं नहीं दिखाई दे रहा है।-मदन वर्मा।
-जब सफाई के लिए 420 कर्मचारी और फागिंग के लिए दो मशीनें हैं। फिर भी स्थिति ठीक नहीं है। कई मोहल्लों में लोग गंदगी के बीच ही रहते हैं।-जयप्रकाश यादव।
-नगरपालिका के सभी वार्डों में फागिंग कराई गई है। अभी भी यह कार्य हो रहा है। मोहल्लों की सफाई में लगे कर्मचारियों की हर दिन निगरानी की जाती है। -नदीम अहमद, सफाई नायक, नगरपालिका, बलिया।