छठ के बहाने चार दोस्तों को मौत ने दी बलिया में दावत, कार से जिंदगी का आखिरी सफर
बलिया में छठ महापर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों ...और पढ़ें

बलिया में छठ पर्व पर भीषण सड़क हादसा चार दोस्तों की मौत।
HighLights
बलिया में छठ पर्व पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ।
तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, चार युवकों की मौत।
दो ने मौके पर, दो ने अस्पताल में दम तोड़ा।
जागरण संवाददाता, नगरा (बलिया): लोक आस्था के महापर्व छठ की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब बलिया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार युवकों की जिंदगी छीन ली। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर शनिवार की देर रात हुए इस भीषण हादसे में कार सवार चार दोस्तों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पेड़ से जा टकराई तेज रफ्तार कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुवाडीह के समीप शनिवार की देर रात करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दैत्यराज बाबा स्थल के पास एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त और भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
चार दोस्तों की हुई पहचान
इस दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक आपस में दोस्त बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
कुनाल (उम्र करीब 22 वर्ष)
धनंजय पटेल (उम्र करीब 23 वर्ष)
अभिषेक पटेल (उम्र करीब 24 वर्ष)
गोलू ठाकुर
पुलिस के अनुसार, ये सभी युवक गौवापार के करूमपुरा गांव के रहने वाले थे और किसी कार्य से कार द्वारा नगरा आए थे। शनिवार की रात जब वे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी निछुवाडीह के पास यह अनहोनी घटित हो गई।
मौके पर दो और अस्पताल में दो ने ताड़ा दम
हादसा इतना भयंकर था कि कार में सवार दो युवकों ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया था। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों और मृतकों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत मऊ के एक बेहतर अस्पताल के लिए रेफर किया गया। लेकिन, इलाज के दौरान रात करीब दो बजे मऊ के अस्पताल में उन दोनों युवकों ने भी दम तोड़ दिया। इस प्रकार एक ही झटके में चार हंसते-खेलते परिवारों के चिराग बुझ गए।
गांव में छाया मातम, पुलिस जांच में जुटी
एक साथ चार युवकों की मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव गौवापार पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। दीपावली और छठ जैसे पावन पर्व की खुशियां मना रहा पूरा क्षेत्र इस सदमे से स्तब्ध है।
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष नगरा संजय कुमार मिश्र ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। दो युवकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी जिन्हें नगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। अन्य दो गंभीर घायलों को मऊ के अस्पताल भेजा गया था, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।