बलिया गंगा-सरयू के मिलन का साक्षी है ददरी मेला, स्नान को शाम से पहुंचने लगे श्रद्धालु
बलिया का ऐतिहासिक ददरी मेला महर्षि भृगु और दर्दर मुनि से जुड़ा है, जो गंगा-सरयू के मिलन का प्रतीक है। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे हैं, जो इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।

बलिया का ऐतिहासिक ददरी मेला गंगा-सरयू संगम और कार्तिक पूर्णिमा स्नान का साक्षी।
HighLights
ददरी मेला महर्षि भृगु और दर्दर मुनि से संबंधित है।
गंगा-सरयू के मिलन स्थल पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान होता है।
यह मेला बलिया की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
जागरण संवाददाता, बलिया। महर्षि भृगु की तपोभूमि पर लगने वाला ऐतिहासिक ददरी मेला केवल व्यापार और मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि बलिया की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक भी है। गंगा और सरयू के मिलन की ऐतिहासिक मान्यताओं को अपने भीतर समेटे यह मेला सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान की परंपरा यहां विशेष महत्व रखती है। मान्यता है कि भृगु क्षेत्र में स्नान की परंपरा लगभग सात हजार वर्ष पुरानी है। काशी और प्रयागराज की तरह इस क्षेत्र का भी धार्मिक महत्व माना जाता है। 'भृगु क्षेत्र महात्म्य' पुस्तक में उल्लेख मिलता है कि महर्षि भृगु ने अपने शिष्य दर्दर मुनि के माध्यम से सरयू नदी की धारा को अयोध्या से लाकर गंगा में मिलवाया था।
शिष्य के इस कार्य से प्रसन्न होकर महर्षि भृगु ने विशाल यज्ञ और उत्सव का आयोजन किया था। मान्यता है कि इसमें एशिया महाद्वीप के विभिन्न क्षेत्रों से लोग शामिल हुए थे। इसी आयोजन को ददरी मेले की प्राचीन परंपरा से जोड़कर देखा जाता है। ददरी मेले की पहचान केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है। यहां ग्रामीण संस्कृति, पारंपरिक व्यापार और लोकजीवन की झलक भी देखने को मिलती है। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए दूर-दराज के श्रद्धालु सोमवार शाम से ही शहर में उमड़ने लगे थे।