बिल्थरारोड में 15 कर्मचारी मिले कोरोना पॉजिटिव, हड़कंप
जागरण संवाददाता बिल्थरारोड (बलिया) जानलेवा कोरोना संक्रमण की जड़े अब ग्रामीण इलाकों में भी गहरी होती जा रही है। बुधवार को बिल्थरारोड तहसील में कोरोना के 15 मरीज मिले। इनमें अधिकांश लेखपाल तहसील नाजीर रजिस्टार कानूनगो फौजदारी बाबू व अन्य अधिकारी कर्मचारी शामिल हैं।
जागरण संवाददाता, बिल्थरारोड (बलिया) : कोरोना संक्रमण की जड़े अब ग्रामीण इलाकों में भी गहरी होती जा रही है। बुधवार को बिल्थरारोड तहसील में कोरोना के 15 मरीज मिले। इनमें अधिकांश लेखपाल, तहसील नाजीर, रजिस्टार कानूनगो, फौजदारी बाबू व अन्य अधिकारी, कर्मचारी शामिल हैं। एहतियातन तहसील को अगले 48 घंटे के लिए सील कर दिया गया।
तहसीलदार जितेंद्र सिंह ने बताया कि तहसील के करीब 15 कर्मचारियों के कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी कोरोना मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है। वहीं तहसील को पूरी तरह से सैनिटाइज किया जा रहा है। इसके बाद गुरुवार व शुक्रवार को 48 घंटे के लिए तहसील बंद रखा जाएगा। शनिवार व रविवार को लॉकडाउन होने के कारण अब तहसील में सोमवार यानी 10 अगस्त से विभागीय कार्य सामान्य हो सकेंगे। बिल्थरारोड तहसील से कुछ दिनों पूर्व ही करीब 85 स्टाफ का स्वैब सैंपल भेजा गया था। इनमें 70 कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आयी है। जबकि 15 की पॉजिटिव आने से तहसील में हड़कंप मच गया है।