विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में बदलते मौसम ने बढ़ाई मरीजों की भीड़, ओपीडी पर बढ़ा दबाव

By Lavkush Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 18 Nov 2026 05:15 PM (IST)

बलिया में मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे अस्पतालों में ...और पढ़ें

बलिया में बदलते मौसम का कहर, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़।

बलिया में बदलते मौसम का कहर, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़।

HighLights

  1. बदलते मौसम से बलिया में मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ा।

  2. जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या 30% बढ़ी।

  3. सर्दी, खांसी, वायरल फीवर के मरीज अस्पतालों में पहुंच रहे।

जागरण संवाददाता, बलिया। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। दिन में तेज धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड के चलते मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। जिला अस्पताल से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में सर्दी-जुकाम, खांसी, वायरल फीवर और गले में संक्रमण की शिकायत लेकर मरीज पहुंच रहे हैं।

अस्पतालों में पर्चा काउंटर से लेकर चिकित्सकों के कक्ष और दवा वितरण केंद्रों तक मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। जिला अस्पताल जिस पर पूरे जनपद का लोड रहता है, यहां सुबह नौ बजे से लेकर 12 बजे तक पर्चा काउंटर पर मरीज लाइन में लगे थे। ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ थी।

अस्पताल प्रशासन की ओर से बताया कि मौसम में बदलाव के कारण जिला अस्पताल में पहले के सापेक्ष 30 प्रतिशत सर्दी खांसी वाले मरीजों की संख्या बढ़ी है। एक सप्ताह पहले ओपीडी में लगभग 1500 मरीज देखे जाते थे, अब मरीजों की संख्या 2000 हो जा रही है।

सहतवार से उपचार के लिए आई महिला लीलावती देवी ने बताया कि सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकों से दिखाने के लिए अस्पताल आई हैं, लेकिन ओपीडी में चिकित्सक देर से बैठ रहे हैं। शहर के आनंद नगर निवासी अजय सिंह भी ओपीडी में चिकित्सक को दिखाने के लिए लाइन में खड़े थे। उन्होंने बताया कि छठ के दिन से सर्दी-खांसी के चपेट में आ गए हैं। इस तरह की स्थिति अन्य मरीजों की भी थी।

बदलते मौसम में रहे सावधान
बदलते मौसम में खान-पान और रहन-सहन पर विशेष ध्यान देना चाहिए। सुबह और शाम घर से बाहर निकलते समय हल्के गर्म कपड़े पहनें। बच्चों और बुजुर्गों को ठंडी हवा से बचाकर रखें। साफ-सफाई का ध्यान रखें और ताजा व पौष्टिक भोजन करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ मौसमी फलों और हरी सब्जियों को भोजन में शामिल करें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें और खांसते या छींकते समय मुंह व नाक को ढकें। सर्दी-जुकाम, बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर लापरवाही न बरतें। खुद से दवाएं लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें।

अस्पताल में पहले के सापेक्ष सर्दी-खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ी है। चिकित्सकों को समय से ओपीडी में बैठने के लिए कहा गया है। इसकी नियमित निगरानी की जा रही है।


-

विनोद कुमार, प्रभारी सीएमएस, जिला अस्पताल।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।