बलिया में महर्षि भृगुजी कांप्लेक्स के रास्ते में बने 17 मकानों पर चलेगा प्रशासन का बुल्डोजर
बलिया जिले में महर्षि भृगुजी कांप्लेक्स के रास्ते में बने 17 मकानों पर बुल्डोजर चलाने की तैयारी की जा रही है। सुरक्षा मानक पूरा करने के लिए कुल चार रास्तों की जरूरत होने की वजह से कांप्लेक्स के चारों तरफ छोड़े गए स्थान पर अतिक्रमण हटेगा।
बलिया, जागरण संवाददाता। Bulldozer will run on 17 houses in Ballia। जिले में महर्षि भृगुजी कांप्लेक्स के रास्ते में बने 17 मकानों पर बुल्डोजर चलाने की तैयारी में जिला प्रशासन लगा हुआ है। दरअसल सुरक्षा का मानक पूरा करने के लिए कुल चार रास्तों की जरूरत होने की वजह से कांप्लेक्स के चारों तरफ छोड़े गए स्थान पर अब अतिक्रमण को हटाने की तैयारी की जा रही है। जिला प्रशासन व नगर पालिका द्वारा कार्रवाई की जानकारी होने के बाद से भवन स्वामियों के माथे पर पसीना आने लगा है।
बलिया जनपद का सबसे बड़ा महर्षि भृगुजी कांप्लेक्स चार रास्तों से जुड़ेगा। जिला प्रशासन व नगरपालिका की संयुक्त टीम ने तीन नए रास्ते खोलने के लिए सर्वे कर 17 कच्चे मकानों का चिन्हांकन किया है। अवैध निर्माण कराया गया है। उन्हें हटाने की कवायद चल रही है। नगरपालिका के कर्मचारियों ने संबंधित मकान स्वामियों को हटने की चेतावनी दे दी है। 16 वर्ष बाद भृगु कांप्लेक्स में नीलामी प्रक्रिया के तहत दुकानें आवंटित होंगी।
इसके पूर्व अग्निशमन विभाग के मानकों को पूरा करने और ट्रक, कार व अन्य वाहन व लोगों के आने जाने के लिए दूसरा रास्ता खुलेगा। पिछले दिनों डीएम सौम्या अग्रवाल ने भृगु कांप्लेक्स का मुआयना कर अग्रवाल धर्मशाला के पीछे की गली को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया था। रास्ते पर दर्जनों टिनशेड के मकान बने हैं। पालिका इस रास्ते को प्रमुखता से खोलना चाहती है, जो सिनेमा रोड से जुड़ेगा। बाजार निर्माण के समय चारों तरफ पांच से सात फिट जगह छोड़ी गई थी, जिस पर आज पक्का निर्माण हो गया है। चिन्हांकन के बाद उसे भी तोड़ने की प्रक्रिया होगी।
बोले अधिकारी : महर्षि भृगुजी कांप्लेक्स में आने-जाने के लिए एक और रास्ता खोला जाएगा। सर्वे पूरा हो गया है। 17 अवैध कच्चे मकानों को तोड़कर हटाया जाएगा। इसके बाद ट्रक, कार या अन्य वाहन आराम से आ- जा सकेंगे। - प्रदीप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट।