बलिया में पेड़ से लटका मिला इंटर के छात्र का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
बलिया के रतसी मेहमापुर गांव में 19 वर्षीय छात्र निशु गुप्ता का शव पेड़ से लटका मिला, जिससे परिवार में ...और पढ़ें

शाम को घर से निकला था 19 वर्षीय निशु, सुबह मिला शव।
HighLights
बलिया में 19 वर्षीय छात्र निशु गुप्ता का शव मिला।
रतसी मेहमापुर गांव के तेलियान पोखरा के पास घटना।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, जांच पड़ताल जारी।
जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। पकड़ी थाना क्षेत्र के रतसी मेहमापुर गांव में मंगलवार की सुबह तेलियान पोखरा के पास पेड़ से लटका 19 वर्षीय युवक का शव मिला। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान रतसी मेहमापुर निवासी 19 वर्षीय निशु गुप्ता पुत्र संदीप गुप्ता के रूप में हुई है। वह सोमवार की शाम करीब सात बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे स्वजन को तेलियान पोखरा के पास पेड़ से एक युवक का शव लटकने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे स्वजन ने शव की पहचान निशु के रूप में की। इसके बाद शव को नीचे उतारा गया।
निशु तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और वर्तमान में स्नातक प्रथम वर्ष में पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई की शुरुआत के बीच उसकी इस तरह मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जवान बेटे को खोने के बाद मां और अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी पकड़ी रंजीत विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।