बलिया की सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी 10 इलेक्ट्रिक बसें, चार्जिंग स्टेशन भी बनकर तैयार
बलिया डिपो के लिए 10 इलेक्ट्रिक बसों का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है, जो अगले माह तक मिलने की उम्मीद है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
परिवहन निगम ने 10 इलेक्ट्रिक बसों का प्रस्ताव भेजा।
बसें अगले माह तक बलिया डिपो को मिलने की संभावना।
जीराबस्ती में इलेक्ट्रिक बसों का चार्जिंग स्टेशन तैयार।
जागरण संवाददाता, बलिया। जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में कवायद तेज हो गई है। परिवहन निगम की ओर से बलिया डिपो के लिए 10 इलेक्ट्रिक बसों की मांग का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा गया है।
अधिकारियों के अनुसार बसें अगले माह तक उपलब्ध होने की संभावना है। बसों की उपलब्धता होते ही विभिन्न मार्गों पर उनका संचालन शुरू कराया जाएगा।
एआरएम महेश चंद्र पांडेय ने बताया कि बलिया के लिए 10 इलेक्ट्रिक बसों की डिमांड मुख्यालय को भेजी गई है। बसों के आने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संचालन की तैयारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जीराबस्ती स्थित वर्कशाप परिसर में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन का निर्माण पूरा हो चुका है। इसकी टेस्टिंग भी की जा चुकी है।
यात्रियों को मिलेगा आरामदायक सफर
ऐसे में बसों के संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत व्यवस्था तैयार है। चार्जिंग स्टेशन के माध्यम से बसों को चार्ज कर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न मार्गों पर चलाया जाएगा। इससे यात्रियों को बेहतर, आरामदायक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से जिले में प्रदूषण कम करने के साथ ईंधन पर होने वाले खर्च को नियंत्रित करने में भी मदद मिल सकती है। जिले में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की कवायद काफी समय से चल रही है। अब चार्जिंग स्टेशन तैयार होने और 10 बसों की मांग भेजे जाने के बाद योजना के धरातल पर उतरने की उम्मीद बढ़ गई है।
