विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया में बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस पर हुआ पथराव, एक यात्री घायल

Published: Mon, 07 Sep 2026 09:03 PM (GMT+05:30)

छपरा-बलिया रेलखंड पर बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस पर अराजकतत्वों ने पथराव किया, जिससे मुजफ्फरपुर निवासी एक यात्री घायल हो गया।

बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस पर पथराव।

बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस पर पथराव।

HighLights

  1. छपरा-बलिया रेलखंड पर बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस पर पथराव।

  2. मुजफ्फरपुर निवासी यात्री अभिषेक कुमार सिंह घायल हुए।

  3. आरपीएफ-जीआरपी ने घायल यात्री को अस्पताल पहुंचाया।

जागरण संवाददाता, बलिया। छपरा-बलिया रेलखंड पर सोमवार शाम अप बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस पर अराजकतत्वों ने पथराव कर दिया। पत्थर लगने से ट्रेन के स्लीपर कोच में यात्रा कर रहा एक यात्री घायल हो गया।

ट्रेन के बलिया रेलवे स्टेशन पहुंचने पर सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने घायल यात्री को ट्रेन से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे छुट्टी दे दी।

जीआरपी प्रभारी राजकपूर सिंह के अनुसार, गाड़ी संख्या 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस सोमवार को छपरा से रेवती रेलवे स्टेशन के बीच करीब पांच बजे गुजर रही थी। इसी दौरान चलती ट्रेन पर अराजकतत्वों ने पत्थर फेंक दिया।

पत्थर की चपेट में स्लीपर कोच एस-4 की सीट संख्या 23 पर यात्रा कर रहे 30 वर्षीय अभिषेक कुमार सिंह पुत्र विनोद कुमार सिंह, निवासी भगवानपुर, थाना सदर, मुजफ्फरपुर (बिहार) आ गए। अभिषेक मुजफ्फरपुर से प्रयागराज छिवकी की यात्रा कर रहे थे। पत्थर लगने से उन्हें चोट आई।

ट्रेन के बलिया रेलवे स्टेशन पहुंचने पर घटना की जानकारी आरपीएफ और जीआरपी को हुई। दोनों टीमों ने घायल यात्री को ट्रेन से उतारा और उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें छुट्टी दे दी।

प्रभारी ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि रेवती स्टेशन और छपरा के बीच अप बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस पर अराजकतत्वों ने पथराव किया है। इसमें एक यात्री को हल्की चोट आई थी, जिसका उपचार करा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। चलती ट्रेन पर पथराव की घटना को लेकर संबंधित सुरक्षा एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं। घायल यात्री की ओर से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में एक साथ निकलीं स्वास्थ्य विभाग की आठ टीमें, 52 प्राइवेट अस्पतालों की हुई जांच