विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में छात्र की मौत मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक निलंबित, बीईओ नवानगर करेंगे जांच

By Milan Kumar Gupta Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 03 Nov 2026 11:04 AM (IST)

बलिया में छात्र अरशद अहमद की मौत के मामले में कनैला प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक को ...और पढ़ें

दूसरे विद्यालय से किया गया संबद्ध, शिक्षामित्र की सेवा समाप्त करने के लिए मांगा प्रस्ताव।

दूसरे विद्यालय से किया गया संबद्ध, शिक्षामित्र की सेवा समाप्त करने के लिए मांगा प्रस्ताव।

HighLights

  1. छात्र अरशद अहमद की मौत मामले में दो शिक्षक निलंबित।

  2. प्रभारी प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक पर शिथिल पर्यवेक्षण का आरोप।

  3. शिक्षामित्र दीपचंद राम पर भी कार्रवाई की तैयारी जारी।

जागरण संवाददाता, बलिया। छात्र अरशद अहमद की मौत मामले में बीएसए मनीष कुमार सिंह ने सोमवार रात साढ़े आठ बजे गड़वार शिक्षा क्षेत्र के कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा के प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर व सहायक अध्यापक अनिल कुमार को को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। जारी आदेश में बीएसए ने विद्यालय में शिथिल पर्यवेक्षण और पदीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता को प्रथम दृष्टया आधार बनाया है।

निलंबन आदेश में प्रभारी प्रधानाध्यापक पर पदीय दायित्वों का निर्वहन नहीं करने, विभागीय निर्देशों और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन तथा स्वेच्छाचारितापूर्ण आचरण सहित निर्धारित शिक्षण अवधि में बच्चों की पढ़ाई की प्रभावी व्यवस्था नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं। निलंबन अवधि में दोनों को प्राथमिक विद्यालय पचखोरा, शिक्षा क्षेत्र गड़वार से संबद्ध किया गया है।

मामले की विभागीय जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी नवानगर पंकज सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें आरोपपत्र तैयार कराकर विभागीय जांच की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा शिक्षामित्र दीपचंद राम पर भी कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है।

बीएसए ने ग्राम शिक्षा समिति कनैला के अध्यक्ष और प्रधानाध्यापक को पत्र जारी कर तीन कार्य दिवस के भीतर बैठक बुलाकर शिक्षामित्र की सेवा समाप्त करने संबंधी प्रस्ताव मांगा है। खंड शिक्षा अधिकारी गड़वार की रिपोर्ट के अनुसार हादसे में शिक्षामित्र दीपचंद राम की शिथिल कार्यशैली परिलक्षित हुई है। साथ ही अपने उत्तरदायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरतने की बात भी सामने आई है।

इसी आधार पर शासनादेश के तहत ग्राम शिक्षा समिति की बैठक कराकर उनकी सेवाएं समाप्त करने का प्रस्ताव तीन कार्य दिवस में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। बीएसए ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में प्रस्ताव उपलब्ध नहीं कराने पर किसी भी प्रतिकूल स्थिति के लिए संबंधित पदाधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।

कमरे में बंद रहे शि‍क्षक

प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा कनैला में छात्र अरशद की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश इस कदर बढ़ गया कि विद्यालय के शिक्षक करीब आठ घंटे तक विद्यालय के कमरे में कैद रहे। आक्रोशित भीड़ के तेवर देखकर शिक्षकों ने खुद को कमरे के अंदर बंद कर लिया था। बाहर मौजूद लोग उन्हें बार-बार बाहर निकलने के लिए आवाज लगाते रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने शिक्षकों को अपनी सुरक्षा में बाहर निकाला और अपने साथ ले गई। हादसे के बाद विद्यालय परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। फिलहाल तीनों शिक्षकों को गड़वार पुलिस थाने में रखी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।