बलिया में फोन पर बात करने के बाद पुल से सरयू में कूदी कंप्यूटर इंजीनियरिंग की छात्रा, तलाश जारी
बलिया में 25 वर्षीय कंप्यूटर इंजीनियरिंग की छात्रा सौम्या सिंह ने जयप्रभा सेतु से सरयू नदी में छलांग लगा दी। ...और पढ़ें

HighLights
25 वर्षीय कंप्यूटर इंजीनियरिंग छात्रा ने सरयू नदी में लगाई छलांग।
फोन पर बात करने के बाद परेशान दिखी, तेज बहाव में बही।
पुलिस और नाविकों द्वारा छात्रा की तलाश जारी, सुराग नहीं।
जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया)। उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा पर एनएच-31 स्थित जयप्रभा सेतु से गुरुवार दोपहर कंप्यूटर इंजीनियरिंग की 25 वर्षीय छात्रा ने सरयू नदी में छलांग लगा दी। करीब 50 फीट नीचे उफनती नदी में गिरने के बाद युवती तेज धारा में बह गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह करीब एक किलोमीटर तक लोगों से बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण समय रहते कोई उसकी मदद नहीं कर सका। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय नाविकों के सहयोग से तलाश शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक युवती का पता नहीं चल सका था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती फोन पर किसी से बातचीत करते हुए काफी परेशान नजर आ रही थी। वह सेतु के पिलर संख्या दो के पास पहुंची और कुछ देर बाद रेलिंग पर चढ़ गई। देखते ही देखते उसने नदी में छलांग लगा दी। नदी में गिरने के बाद वह तेज धारा में बहते हुए धनी छपरा गांव के सामने तक पहुंची। इस दौरान वह लगातार लोगों से मदद की गुहार लगाती रही।
स्थानीय लोगों के अनुसार दो बाइक सवार युवक भी युवती का पीछा करते हुए सेतु पर पहुंचे थे। युवती को नदी में कूदते देख दोनों वहां से चले गए। इससे घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मां ने पहुंचकर की बेटी की पहचान
घटना के कुछ देर बाद उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर एक महिला बदहवास हालत में पहुंचीं। उन्होंने अपना परिचय दोकटी क्षेत्र के सेवकराय के टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह की पत्नी रेखा देवी के रूप में दिया। उन्होंने नदी में कूदने वाली युवती की पहचान अपनी 25 वर्षीय पुत्री सौम्या सिंह के रूप में की।
मां के अनुसार सौम्या ने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली के बदरपुर में कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। मां का कहना है कि घर में आपस में ही किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी लेकिन उन्हें नहीं पता था कि सौम्या ऐसा कदम उठा लेगी।
तेज बहाव के बीच तलाश जारी
घटना की सूचना पर उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय नाविकों और ग्रामीणों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। सरयू के तेज बहाव और गहराई के कारण तलाशी अभियान में कठिनाई आ रही है।
यह भी पढ़ें- नेपाल से गंडक नदी में बहकर आए तीन शव, SSB और SDRF ने बाहर निकाला; मंजर देख लोगों में दहशत
चांद दियर चौकी प्रभारी अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और स्थानीय नाविकों के सहयोग से युवती की तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिल सका था।
