विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में 466 विद्यालयों के छात्र आंकड़ों में भारी अंतर, दो दिन में सुधार का अल्टीमेटम

By Dilip Kumar Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 17 Nov 2026 04:20 PM (IST)

बलिया के 466 विद्यालयों में यूपी बोर्ड और यू-डायस पोर्टल पर छात्र संख्या में बड़ी विसंगति पाई गई है। जिला ...और पढ़ें

बलिया के 466 स्कूलों में छात्र संख्या में भारी अंतर, सुधार के लिए दो दिन का अल्टीमेटम।

बलिया के 466 स्कूलों में छात्र संख्या में भारी अंतर, सुधार के लिए दो दिन का अल्टीमेटम।

जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। जिले की माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था में छात्र संख्या के आंकड़ों में बड़ी विसंगति सामने आई है। यूपी बोर्ड और यू-डायस पोर्टल पर दर्ज छात्र-छात्राओं की संख्या में जिले के 466 विद्यालयों के आंकड़े मेल नहीं खा रहे हैं।

कहीं सैकड़ों तो कहीं हजारों विद्यार्थियों का अंतर मिलने से विभाग में खलबली मच गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को दो कार्यदिवस के भीतर विसंगति दूर करने का अल्टीमेटम दिया है। सुधार नहीं होने पर विधिक कार्रवाई के साथ मान्यता प्रत्याहरण की संस्तुति की जाएगी।

समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के तहत विभागीय मिलान में यह गड़बड़ी सामने आई है। अधिकांश विद्यालयों में यू-डायस पोर्टल पर यूपी बोर्ड के मुकाबले अधिक विद्यार्थी दर्ज हैं, जबकि कुछ विद्यालयों में स्थिति इसके विपरीत है। उदाहरण के तौर पर सिकंदरपुर के गांधी इंटर कालेज में दोनों पोर्टलों पर दर्ज छात्र संख्या में 807 का अंतर है।

वहीं नवानगर के बीबी इंटर कालेज में 581 विद्यार्थियों का अंतर मिला है। जनता इंटर कॉलेज नवानगर में यूपी बोर्ड पर 724 और यू-डायस पर 592 विद्यार्थी दर्ज हैं। डीआइओएस ने प्रधानाचार्यों को प्रवेश रजिस्टर और अभिलेखों का मिलान कर आंकड़े दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।

ड्रापबाक्स से उपलब्ध विद्यार्थियों का विवरण इंपोर्ट करने तथा डुप्लीकेट रिकॉर्ड हटाने को कहा गया है। साथ ही अपार आईडी बनाने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने का निर्देश दिया है। डीआइओएस ने स्पष्ट किया कि दो कार्यदिवस बाद भी विसंगति मिलने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई होगी और मान्यता प्रत्याहरण के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।