बलिया में चार दिन घटने के बाद फिर बढ़ने लगी सरयू नदी, कटान तेज होने से दहशत में ग्रामीण
बलिया में सरयू नदी का जलस्तर चार दिन घटने के बाद फिर से बढ़ने लगा है, जिससे कटान तेज हो ...और पढ़ें

चार दिन घटने के बाद फिर बढ़ने लगी सरयू नदी।
HighLights
सरयू नदी का जलस्तर चार दिन बाद फिर बढ़ा।
जलस्तर बढ़ने से कटान तेज हुई, ग्रामीण डरे।
प्रशासन ने अलर्ट जारी कर निगरानी बढ़ाई।
जागरण संवाददाता, बांसडीह (बलिया)। सरयू नदी में चार दिन लगातार घटाव के बाद दो दिन से फिर बढ़ाव शुरू हो गया है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही कटान भी तेज हो गई है। जिससे बाढ़ प्रभावित गांवों में फिर दहशत का माहौल है। प्रशासन ने भी अलर्ट जारी करते हुए निगरानी बढ़ा दी है।
तीन चार दिन पहले पानी घटने से कई बस्तियों से बाढ़ का पानी निकल गया था और लोग सामान्य स्थिति की ओर लौटने लगे थे। लेकिन दोबारा पानी बढ़ने से ग्रामीणों की चिंता फिर बढ़ गई है। सबसे ज्यादा चिंता कटान को लेकर है। भोजपुरवा में सरयू अंदर ही अंदर जमीन काट रही है।
सुल्तानपुर पोखरा के पास भी लगातार कटान जारी है और नदी कोयलाबीर बाबा के स्थान तक पहुंच गई है। महराजपुर में भी कटान से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि जलस्तर में उतार चढ़ाव से कटान और तेज हो सकता है।
जलस्तर के आंकड़ों पर गौर करें तो सरयू के डीएसपी हेड पर गुरुवार शाम 4 बजे जलस्तर 64.04 मीटर था, जो शुक्रवार सुबह 8 बजे बढ़कर 64.07 मीटर हो गया।
चांदपुर में गुरुवार शाम 4 बजे जलस्तर 58.40 मीटर दर्ज किया गया था, जो शुक्रवार सुबह 8 बजे भी 58.40 मीटर ही रहा।वहीं कचनार, चक विलियम, कोलकला और रेंगहा समेत कई स्थानों पर अब भी बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।
एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा ने बताया कि जलस्तर और कटान पर लगातार नजर रखी जा रही है। संबंधित टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
यह भी पढ़ें- UP Weather Today: लखनऊ में मानसून की विदाई के बीच जोरदार बारिश, आज पूर्वी यूपी में गरज-चमक का अलर्ट जारी
