बलिया में बनेगी 1000 बंदियों की क्षमता वाली हाईटेक जेल, 57 एकड़ जमीन की खरीद पूरी
बलिया में 1000 बंदियों की क्षमता वाले नए जेल भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है, जिसके लिए 57 एकड़ भूमि की खरीद पूरी हो चुकी है।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
1000 बंदियों की क्षमता वाला नया जेल बनेगा।
62 एकड़ भूमि में से 57 एकड़ खरीदी गई।
आधुनिक सुविधाओं और भूकंपरोधी तकनीक से लैस होगा।
जागरण संवाददाता, बलिया। जनपद में 1000 बंदियों की क्षमता वाले नए जेल भवन के निर्माण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि नए जेल भवन के निर्माण से जुड़ी सभी तैयारियां और बाधाएं दूर कर ली गई हैं। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
नया जेल भवन बलिया-गड़वार मार्ग पर ग्राम नरायनपाली, खड़ीचा एवं घोसवटी में सड़क के किनारे बनाया जाएगा। इसके लिए कुल 62 एकड़ भूमि की आवश्यकता है, जिसमें से अब तक 57 एकड़ भूमि की खरीद पूरी की जा चुकी है।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
जिलाधिकारी के अनुसार प्रस्तावित जेल भवन को आधुनिक सुविधाओं और नई तकनीक से लैस किया जाएगा। भवन का निर्माण भूकंपरोधी तकनीक से कराया जाएगा। जेल परिसर में बंदियों की सुरक्षा और प्रबंधन के साथ-साथ आवश्यक तकनीकी सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
नए जेल भवन के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। भूमि संबंधी प्रक्रिया और अन्य प्रमुख बाधाएं दूर होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी तेज कर दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक अतिशीघ्र नए जेल भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है। नए जेल भवन के तैयार होने से जनपद की जेल व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप मिलने के साथ ही बंदियों को रखने की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
