म्यूजिक सिस्टम की तेज आवाज के बीच 20 दिन की मासूम की मौत, आपरेटर हिरासत में
बलिया के मुड़ियारी गांव में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान तेज म्यूजिक सिस्टम की आवाज से 20 दिन की ...और पढ़ें

तेज म्यूजिक से 20 दिन की मासूम की मौत बलिया में विसर्जन जुलूस के दौरान।
HighLights
तेज म्यूजिक से 20 दिन की बच्ची की मौत।
पुलिस ने म्यूजिक सिस्टम जब्त कर ऑपरेटर को हिरासत में लिया।
डॉक्टरों ने 60 डेसिबल से अधिक ध्वनि को खतरनाक बताया।
जागरण संवाददाता, मनियर (बलिया)। क्षेत्र के मुड़ियारी गांव में शुक्रवार को लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान म्यूजिक सिस्टम की तेज आवाज से 20 दिन की मासूम बच्ची की मौत हो गई। स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने म्यूजिक सिस्टम को कब्जे में लेकर आपरेटर को हिरासत में ले लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश चंद यादव ने बताया कि बच्ची के शव के पोस्टमार्टम का इंतजार है, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे मुड़ियारी गांव की बिंद टोली से लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाला गया था। इसी दौरान बच्ची की माता रीमा शाह, अपनी 20 दिन की बेटी को लेकर घर के पास कुएं के समीप खड़ी थी। जुलूस में म्यूजिक सिस्टम की आवाज काफी तेज थी। इसी बीच बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसके शरीर में अकड़न होने लगी। रीमा ने तत्काल स्वजन को सूचित किया और नजदीक के अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
बच्ची के जन्म के दो दिन बाद ही बच्चे को लेकर मायके आई थीं रीमा
बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के राजागांव खरौनी के टैंया टोला निवासी विशुचंद की पत्नी रीमा शाह बच्ची के जन्म के दो दिन बाद ही अपने मायके मुड़ियारी गांव आईं थीं। इनका एक बेटा और एक बेटी हैं। यह उनकी तीसरी संतान थी। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
60 डेसीबल से ज्याद ध्वनि खतरनाक
जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डा. अविनाश उपाध्याय ने बताया कि 60 डेसीबल से ज्याद ध्वनि सबसे के लिए खतरनाक है। यदि बच्चा छह माह से छोटा हो तो उसको 45 डेसीबल से ज्यादा ध्वनि के आसपास लेकर नहीं जाना चाहिए। यदि ध्वनि 80 से 85 डेसीबल तक है जो बड़े बजुर्ग व्यक्ति भी लंबे समय तक रहने पर सुनने की क्षमता खो सकते हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। हालांकि संभावना है कि तेज आवाज की वजह से कान के पर्दे फट सकते हैं। वहीं हृदय का अचानक रुकने के साथ ब्रेन शाक भी हो सकता है। इसके अलावा अचानक ब्लड सकुर्लेशन भी प्रभावित हो सकता है।
120 डेसीबल तक के म्यूजिक सिस्टम से स्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा, बाजार में बेरोकटोक बिक्री
शादी-विवाह, धार्मिक आयोजनों और सार्वजनिक जुलूसों में तेज आवाज वाले म्यूजिक सिस्टम का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। बाजार में 120 डेसीबल तक ध्वनि उत्पन्न करने की क्षमता वाले म्यूजिक सिस्टम बेचे जा रहे हैं। इनका इस्तेमाल लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसके बावजूद बाजार में इनकी बिक्री और सार्वजनिक आयोजनों में तेज आवाज के इस्तेमाल पर प्रभावी नियंत्रण नहीं दिख रहा है। चिकित्सक के मुताबिक 80 से 120 डेसीबल की ध्वनि के संपर्क में आने से कानों में दर्द, सुनने की क्षमता को स्थायी नुकसान और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती हैं।
नियमों के पालन पर उठ रहे सवाल
ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए निर्धारित मानकों के बावजूद धार्मिक आयोजनों, विसर्जन जुलूसों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। बाजार में बिकने वाले म्यूजिक सिस्टम की ध्वनि क्षमता और उनके इस्तेमाल पर निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ज्यादा ध्वनि प्रदूषण करने वाले म्यूजिक सिस्टम वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डा. इरज राजा, पुलिस अधीक्षक, बलिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।