बलिया में पांच साल की बच्ची से गलत हरकत करने वाला प्रधानाध्यापक निलंबित, विभागीय कार्रवाई जारी
बलिया के सिवानकलां प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी को पांच वर्षीय बच्ची से गलत हरकत के आरोप में निलंबित ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी निलंबित, जेल भेजा गया।
पांच वर्षीय बच्ची से गलत हरकत का आरोप।
शिक्षा विभाग ने जांच के बाद सख्त कार्रवाई की।
जागरण संवाददाता, बलिया। शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सिवानकलां में पांच वर्ष की बच्ची से गलत हरकत करने के आरोप के मामले में शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। खंड शिक्षा अधिकारी नवानगर की जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने आरोपित प्रधानाध्यापक फैजुल्लाह अंसारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
उसने बच्ची को चाकलेट देने के बहाने पहले अपने पास बुलाया और इसके बाद उसे फुसलाकर स्कूल के बाथरूम में ले गया था। बच्ची ने अपनी मां को बताया था कि प्रधानाध्यापक एक और बच्ची के साथ अश्लील हरकत कर चुका है। आरोपित फिलहाल जेल में है।
घटना सामने आने के बाद पीड़ित छात्रा की मां ने थाना सिकंदरपुर में तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने भी जांच शुरू की थी।
खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए जाने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निलंबन का आदेश जारी किया। आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान आरोपित प्रधानाध्यापक का मुख्यालय खंड शिक्षा अधिकारी, नवानगर कार्यालय निर्धारित रहेगा। साथ ही उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-1999 के तहत विभागीय कार्रवाई की जाएगी और शीघ्र ही आरोप पत्र भी जारी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- हेड कांस्टेबल ने TSI पर ही लगा दिया बड़ा आरोप, एसपी तक पहुंचा मामला तो मचा हड़कंप, अब दे रहे सफाई
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था। अभिभावकों और ग्रामीणों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि निलंबन की कार्रवाई के बाद लोग अब आरोपित के खिलाफ कठोर सजा की मांग पर अड़े हुए हैं। बीएसए ने बताया कि पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अब आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
