विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ेगा बलिया, सागरपाली में 10 करोड़ रुपए से बनेगी कनेक्टिविटी

Published: Wed, 07 Oct 2026 08:44 PM (IST)

बलिया शहर को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए अब माल्देपुर की जगह सागरपाली में कनेक्टिविटी बनेगी, जिस पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. सागरपाली में बनेगी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की नई कनेक्टिविटी।

  2. लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण कार्य।

  3. बलिया से लखनऊ-दिल्ली यात्रा होगी अधिक सुगम।

जागरण संवाददाता, बलिया। शहर के लोगों को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए अब माल्देपुर की जगह सागरपाली में कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी। चेनेज 57 प्लस से 58 किमी के आसपास बनने वाली इस कनेक्टिविटी पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि वित्तीय स्वीकृति का एनएचएआई को इंतजार है।

वित्तीय स्वीकृति मिलते ही निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। कनेक्टिविटी बनने के बाद बलिया शहर के लोगों को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से सीधे जुड़ने के साथ ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए लखनऊ और दिल्ली तक जाने का आसान रास्ता मिल सकेगा।
सागरपाली बलिया शहर से करीब छह किलोमीटर दूर है।

यहां ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर चढ़ने और उतरने के लिए मार्ग बनाया जाएगा। इससे शहरवासियों को एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। साथ ही एनएच-31 से आवागमन का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। गंगा घाटों तक जाने वाले लोगों को भी इससे सुविधा मिलेगी। चितबड़ागांव के पास करीब 12 किलोमीटर की दूरी पर टोल प्रस्तावित है।

वहीं ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के फेज-टू को चालू करने की तैयारी भी तेज हो गई है। चितबड़ागांव के धर्मापुर के पास हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन एक्सप्रेसवे के निर्माण में बाधा बनी हुई थी। इसे हटाने के लिए बिजली निगम और एनएचएआई की संयुक्त टीम ने सर्वे पूरा कर लिया है।

लाइन शिफ्टिंग के लिए नए टावरों के स्थान भी चिह्नित कर लिए गए हैं। विद्युत आपूर्ति बंद करने के लिए शटडाउन की अनुमति मिलने के बाद लाइन शिफ्टिंग का काम शुरू होगा। अधिकारियों के अनुसार करीब एक माह में लाइन को शिफ्ट कर फेज-टू को चालू कर दिया जाएगा।

एनएचएआई के परियोजना निदेशक पीयूष अग्रवाल के अनुसार ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। माल्देपुर में उपयुक्त स्थिति नहीं बनने के कारण सागरपाली में कनेक्टिविटी देने का प्रस्ताव है।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से भी मिलेगा सीधा जुड़ाव

गाजीपुर-बलिया-मांझी निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने का काम लगभग पूरा हो चुका है। करीमुद्दीनपुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के स्टोन-327 पर दोनों एक्सप्रेसवे को जोड़ा जाएगा। इससे बलिया के लोगों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए लखनऊ और दिल्ली की ओर जाने का सीधा मार्ग मिलेगा।

फिलहाल बलिया से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए करीब 45 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और सागरपाली कनेक्टिविटी बनने के बाद यह दूरी कम होगी और यात्रा समय में भी बचत होगी। संबंधित स्थानों पर मार्ग की जानकारी के लिए साइनेज भी लगाए जा चुके हैं।

यह भी पढ़ें- डॉ. ईरज राजा होंगे बलिया के नए पुलिस अधीक्षक, 2017 बैच के हैं IPS अधिकारी

परियोजना पूरी होने के बाद बलिया की सड़क कनेक्टिविटी में बड़ा बदलाव आएगा। सागरपाली में कनेक्टिविटी बनने से शहर के लोगों को एक्सप्रेसवे तक सीधी पहुंच मिलेगी, जबकि करीमुद्दीनपुर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ाव होने के बाद लखनऊ और दिल्ली की यात्रा भी अधिक सुगम हो सकेगी।

  • ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे : चार लेन
  • कुल परियोजना लागत : करीब 5311 करोड़ रुपये
  • निर्माण : चार पैकेज में
  • मुख्य एक्सप्रेसवे की लंबाई : करीब 115 किलोमीटर
  • बक्सर स्पर : 17 किलोमीटर
  • कुल लंबाई : करीब 132 किलोमीटर
  • निर्माण पूरा : करीब 90 प्रतिशत
  • सागरपाली कनेक्टिविटी : चेनज 57 प्लस से 58 किमी के आसपास
  • बलिया शहर से दूरी : करीब छह किलोमीटर
  • सागरपाली कनेक्टिविटी की लागत : करीब 9 से 10 करोड़ रुपये
  • स्वीकृति की स्थिति : प्रशासनिक स्वीकृति मिली, वित्तीय स्वीकृति लंबित
  • पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से कनेक्शन : करीमुद्दीनपुर, स्टोन-327
  • चितबड़ागांव के पास टोल : करीब 12 किलोमीटर दूरी पर प्रस्तावित
  • माल्देपुर कटानरोधी कार्य : करीब 125 करोड़ रुपये
  • सुरक्षात्मक कार्य का क्षेत्र : करीब 1200 मीटर