परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह के विरुद्ध 23 साल पुराने मामले में दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के खिलाफ 23 साल पुराने मामले में बलिया की अदालत ने दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। यह मामला तत्कालीन कोतवाल सर्वजीत शाही के साथ कथित दुर्व्यवहार और गाली-गलौज से संबंधित है, जिसमें सह-अभियुक्त एमएलसी रविशंकर सिंह की गैरहाजिरी माफ कर दी गई।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के खिलाफ 23 साल पुराने मामले में फिर गिरफ्तारी वारंट।
HighLights
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के खिलाफ दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी।
23 साल पुराने कोतवाली में दुर्व्यवहार मामले में कार्रवाई।
बलिया कोर्ट ने एसपी को गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
जागरण संवाददाता, बलिया। कोतवाली में घुसकर तत्कालीन कोतवाल सर्वजीत शाही के साथ कथित गाली-गलौज और अभद्रता करने के करीब 23 वर्ष पुराने मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैलेश पांडेय की अदालत ने गुरुवार को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के विरुद्ध दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया।
अदालत ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने तथा सदर कोतवाल को वारंट तामील कराने का आदेश दिया है। वहीं, सह अभियुक्त एमएलसी रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू सिंह की गैरहाजिरी माफ कर दी गई। अभियोजन के अनुसार घटना चार दिसंबर 2003 की सुबह करीब साढ़े नौ बजे कोतवाली परिसर में हुई थी।
आरोप है कि रविशंकर सिंह और दयाशंकर सिंह करीब 20 समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे थे। सूचना पर तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक सर्वजीत शाही वहां पहुंचे तो उनके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की गई। आरोप है कि उनका कालर भी पकड़ लिया गया था। एक कार्यकर्ता की गिरफ्तारी को लेकर पुलिसकर्मियों के साथ भी आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया था।
मामले में एमएलसी रविशंकर सिंह अदालत में उपस्थित होकर अपनी जमानत करा चुके हैं। इसी आधार पर गुरुवार को उनकी गैरहाजिरी माफ कर दी गई। वहीं, परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह के न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उनके विरुद्ध पुनः गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। अदालत ने जमानतदारों के विरुद्ध नोटिस जारी करने का भी आदेश दिया है।