विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वांचल की माटी में फिर धड़केगा 'बिरहा' लोकगीत, कभी चरवाहों की विरह सुनते ही थम जाते थे काम

Published: Mon, 23 Nov 2026 02:41 PM (IST)

पूर्वांचल की लोककला बिरहा, जो सुख-दुख और सामाजिक विसंगतियों को सुरों में पिरोती है, अपनी पहचान बचाने के लिए संघर्ष कर रही है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. बिरहा पूर्वांचल की सदियों पुरानी लोकगायन परंपरा है।

  2. कलाकार इसे 'एक जनपद-एक कला' योजना में शामिल करने की मांग कर रहे हैं।

  3. बिरहा के संरक्षण से स्थानीय कलाकारों को अवसर मिलेंगे।

जागरण संवाददाता, बलिया। पूर्वांचल की धरती की अपनी अलग सांस्कृतिक पहचान है। यहां की बोली, लोकगीत, लोकगाथाएं और संगीत सदियों से जनजीवन का हिस्सा रहे हैं। इन्हीं लोक विधाओं में बिरहा भी है जो सुख-दुख, विरह, प्रेम, संघर्ष, सामाजिक विसंगतियों और वीरता की कहानियों को सुरों में पिरोने वाली लोकगायन परंपरा है।

बलिया और आसपास के जिलों में बिरहा की अपनी विशिष्ट पहचान रही है। हालांकि बदलते समय के साथ इस लोककला के सामने अपनी पुरानी लोकप्रियता और पहचान बचाए रखने की चुनौती भी खड़ी हो गई है।

एक जनपद-एक कला की शुरुआत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से प्रदेश में 'एक जनपद-एक कला' की पहल शुरू होते ही बलिया के बिरहा कलाकारों ने इसे इस योजना में शामिल करने की मांग उठानी शुरू कर दी है।

कलाकारों का कहना है कि जिस जिले की सांस्कृतिक विरासत में बिरहा की इतनी गहरी जड़ें हों, वहां इस विधा को विशेष पहचान मिलनी चाहिए। इससे न केवल पारंपरिक लोककला को संरक्षण मिलेगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

प्रियजन से बिछड़ने की पीड़ा को सुरों में पिरोते

30 वर्षों से इस लोकगीत को सुरों में पिरोने वाले मनोज सिंह बताते हैं कि 'बिरहा' शब्द का संबंध 'विरह' यानी प्रियजन से बिछड़ने की पीड़ा से माना जाता है। इसके अलावा पलायन और नदी के कटाव से जुड़े दर्द और लोकजीवन की सच्ची घटनाओं में गहराई से जुड़ी हैं।

up news - 2026-11-23T143920.717

ऐसा माना जाता है कि पशु चराते समय चरवाहों ने अपनी भावनाओं और पीड़ा को स्वर दिया, जो आगे चलकर बिरहा के रूप में लोकप्रिय हुआ। बिहारी लाल यादव को आधुनिक बिरहा गायकी का जनक माना जाता है। उनका संबंध उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से था।

1875 के समय इन्होंने गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, वाराणसी और आसपास के भोजपुरी भाषी क्षेत्रों में बिरहा की मजबूत परंपरा को बनाए रखा। उस समय बलिया अलग नहीं हुआ था और गाजीपुर का हिस्सा था। एक नवंबर 1879 को बलिया के अलग होने के बाद भी उनका गायन जारी रहा।

वीरता, प्रेम, विरह, धार्मिक प्रसंग व सामाजिक संदेशों का अनूठा संगम

गांवों में होने वाले मेलों, धार्मिक आयोजनों, शादी-विवाह और सामाजिक कार्यक्रमों में कभी बिरहा गायकों की प्रस्तुतियों का विशेष आकर्षण हुआ करता था। रातभर चलने वाली बिरहा की महफिलों में कलाकार अपनी गायकी, संवाद और सवाल-जवाब की शैली से श्रोताओं को बांधे रखते थे। इसकी खासियत यह कि गायक अपनी आवाज और शब्दों के माध्यम से किसी कहानी या घटना को जीवंत कर देते हैं।

कई बार सामाजिक मुद्दों और समसामयिक घटनाओं को भी बिरहा के माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है। बिरहा की गायकी में भोजपुरी भाषा की मिठास, ग्रामीण जीवन की सहजता और लोकभावनाओं की गहराई दिखाई देती है। इसमें वीरता, प्रेम, विरह, धार्मिक प्रसंग और सामाजिक संदेशों का अनूठा संगम देखने को मिलता है।

भोजपुरी लोकगीत को हर वर्ग एवं समाज के लोग बड़े ही अभिरूचि एवं आनंदमय से सदियों से सुनते आ रहे हैं, बशर्ते लोक गीत भारतीय संस्कृति एवं विधा के अनुरूप हो और अश्लीलता से दूर हो। जब बिरहा रेडियो पर बजता था तो लोग काम-काज छोड़कर इसका आनंद लेते थे। मुझे बिरहा के मशहूर गायक एमएलसी काशीनाथ यादव से मिली। उनकी गीतों के सुनने और उससे समाज पर पड़ने वाले प्रभाव ने मुझे इस क्षेत्र में आने का मौका दिया। सरकार को इस विधा को जीवंत करने के लिए कदम उठाना चाहिए। -मनोज सिंह, बिरहा गायक, रसड़ा, बलिया।

 

बलिया में बिरहा जगत के प्रसिद्ध गायक कोटवा नारायणपुर, नसीरपुर मठ के परशुराम यादव, राम कृपाल यादव, ओमप्रकाश यादव, कमलेश यादव, रामराज समेत अन्य ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया है। आज इस लोकविधा को बचाने की जरूरत है। यदि सरकार इसको एक जिला-एक कला में शामिल करती है तो न सिर्फ कलाकारों को मंच मिलेगा, बल्कि पूर्वांचल में रोजगार के साथ परंपरा भी समृद्ध होगी और लोगों का मनोरंजन भी होगा। मैं आज भी आकाशवाणी, सांस्कृतिक विभाग सहित अन्य स्थानों पर कार्यक्रम प्रस्तुत करता हूं। -रमेश बालाजी, बिरहा गायक, बलिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।