घाघरा की बाढ़ में रातोंरात डूबा अठगांवा
जागरण संवाददाता बैरिया (बलिया) घाघरा के जलस्तर में वृद्धि के कारण मंगलवार की रात अठगांवा के घुरी टोला सहित इब्राहिमाबाद उपरवार के कई पूरवे रातोरात बाढ़ के पानी से घिर गए।
जागरण संवाददाता, बैरिया (बलिया) : घाघरा के जलस्तर में वृद्धि के कारण मंगलवार की रात अठगांवा डूब गया। घुरी टोला सहित इब्राहिमाबाद उपरवार के कई पुरवे रातोंरात बाढ़ के पानी से घिर गए। सैकड़ों घरों में घाघरा के बाढ़ का पानी घुस जाने के कारण लोगों को बीएसटी बंधे पर जाकर शरण लेना पड़ा है।
सठिया ढाला से लेकर घाघरा तट तक चारों तरफ पानी ही पानी दिख रहा है, कितु अभी तक प्रशासन की ओर से न तो बाढ़ चौकी की स्थापना की गई है, न ही राजस्वकर्मी मौके पर दिखाई दे रहे हैं। नौकाओं की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इससे लोगों को घोर असुविधाएं झेलनी पड़ रही हैं। इस बीच तहसील प्रशासन ने दावा किया है कि सभी जरूरी स्थानों पर बाढ़ चौकियों की स्थापना कर दी गई है, जबकि यह दावा पूरी तरह से हवाहवाई है।
बाढ़ के कारण मवेशियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खेतों के पानी में डूब जाने के कारण मवेशियों के लिए चारे का संकट उत्पन्न हो गया है। ग्राम प्रधान बच्चा यादव ने जिलाधिकारी से अपने गांव में तत्काल आधा दर्जन छोटी नौकाओं की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि अपनी जरूरत के सामान लेने को लोग एक से दूसरे स्थानों पर आवागमन कर सकें।