बलिया के ददरी पशु मेले में 'रानी' सबसे महंगी, 'गुंडा' की कीमत दो लाख तक जा पहुंची
बलिया के ददरी पशु मेले में रौनक लौट आई है, जहां दीपावली के बाद से 130 घोड़े पहुंच चुके हैं। ...और पढ़ें

बलिया के ददरी पशु मेले में रानी घोड़ी सबसे महंगी गुंडा घोड़े की कीमत दो लाख।
HighLights
ददरी पशु मेले में रौनक लौटी, 130 घोड़े पहुंचे।
'रानी' घोड़ी की कीमत पांच लाख, 'गुंडा' दो लाख।
कोरोना व लंपी के बाद मेले का पुनरुत्थान।
लवकुश सिंंह, बलिया। महान साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र ने कभी बलिया के इसी मेले में "भारत वर्षोन्नति कैसे हो सकती है" पर ऐतिहासिक व्याख्यान दिया था। ददरी मेले के ऐतिहासिक पशु मेला स्थल नंदी ग्राम में एक बार फिर रौनक लौटने लगी है। घोड़ों की टाप और पशुओं की आवाजाही के साथ मेले का आगाज हो चुका है। दीपावली के अगले दिन सोमवार से शुरू हुए पशु मेले में शुरुआती चार दिनों के भीतर 130 घोड़े पहुंच चुके हैं।
इसमें सबसे अधिक दाम की घोड़ी शिवराम पुर की है। उसका नाम रानी है। उसके मालिक लंठू सवार ने बताया कि इसकी कीमत पांच लाख रुपये हैं। इस घोड़ी को वह खाने में चोकर व भूसा के अलावा सप्ताह में एक दिन 100 ग्राम देसी घी भी देते हैं। सीवान के गुंडा घोड़े की कीमत भी दो लाख रुपये हैं।
इसके मालिक मो. सफरीयान ने बताया कि घोड़े का नाम गुंडा इसलिए रखा है कि यह बदमाशी ज्यादा करता है। इसके बिगड़ने के बाद काबू में करने में पांच-छह लोगों को लगना पड़ता है। बिहार सीवान के ही राजा सिंह ने बताया कि वह छह घोड़े लेकर आए थे। 3.50 लाख रुपये में उसकी बिक्री कर चुके हैं।
फिर से पांच घोड़े खरीदे हैं। इसकी बिक्री करने के बाद वह बिहार के सोनपुर मेले में चले जाएंगे। मेले में घूमने आए शहर के चंदन सिंह घोड़ों का दाम सुनकर बोले..कार के दाम में घोड़े मिल रहे हैं। पशुओं के लिए भूसा, रस्सी, घंटी आदि की दुकाने भी सज गई हैं। घोड़ों के अलावा अभी तक 15 गोवंशीय पशुओं को लेकर पशुपालक आए हैं। प्रति पशु मेला शुल्क 300 रुपये रखा गया है। अभी तक पशु मेले से नगरपालिका को 43500 रुपये आय हुई है।
अलग-अलग अंदाज में घोड़ों की चाल देख रहे खरीदार
घोड़ों के खरीदार अलग-अलग अंदाज में चाल देख रहे हैं। अभी मेले में पूरी चहल-पहल नजर नहीं आ रही है, लेकिन लगातार पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। इससे मेला पुराने रंग में लौटने लगा है। कोरोना संक्रमण और उसके बाद लंपी बीमारी के चलते कई वर्षों तक स्थगित रहे इस ऐतिहासिक पशु मेले का दोबारा आयोजन पशुपालकों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है।
पशु व्यापारियों का कहना है कि छठ महापर्व के कारण बिहार सहित दूसरे प्रदेशों और जनपदों के कारोबारियों का आगमन अभी कम है। छठ समाप्त होते ही बिहार से बड़ी संख्या में व्यापारी यहां पहुंचेंगे। इसके साथ ही गाय, भैंस, जर्सी बछिया और पड़ियों की आवक बढ़ने की संभावना है।
पशुओं की अलग-अलग नस्लों और प्रजातियों की आमद से मेले की रौनक के साथ कारोबार भी परवान चढ़ेगा। मेले में आने वाले लोगों और कारोबारियों के लिए खानपान की व्यवस्था भी उपलब्ध होने लगी है। नगर पालिका की ओर से मेला क्षेत्र में बिजली, टेंट और अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने की तैयारी की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।