बलिया में 70 आंबेडकर प्रतिमा स्थलों का होगा कायाकल्प, खर्च होंगे सात करोड़
बलिया जिले में 70 आंबेडकर प्रतिमा स्थलों का सात करोड़ रुपये की लागत से पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। संविधान दिवस पर जिलाधिकारी ने इस योजना का शिलान्यास किया, जिससे ये स्थल सुरक्षित और सुंदर बनेंगे।

बलिया में आंबेडकर प्रतिमा स्थलों का होगा कायाकल्प सात करोड़ होंगे खर्च।
HighLights
बलिया में 70 आंबेडकर प्रतिमा स्थलों का होगा पुनरुद्धार।
परियोजना पर कुल सात करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
संविधान दिवस पर जिलाधिकारी ने योजना का शिलान्यास किया।
जागरण संवाददाता, बलिया। जिले में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थलों की सूरत जल्द बदलने वाली है। जनपद के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 70 अंबेडकर प्रतिमा स्थलों का पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर सात करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रत्येक प्रतिमा स्थल के विकास पर 10 लाख रुपये की धनराशि व्यय होगी।
गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने इस योजना का शिलान्यास किया। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित आंबेडकर पार्क में आयोजित संविधान दिवस समारोह में जिलाधिकारी ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उपस्थित लोगों को संविधान के प्रति निष्ठा रखने और उसके मूल्यों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
कलेक्ट्रेट सभागार में भी जिला स्तरीय अधिकारियों को संविधान की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की नीति के तहत जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 अंबेडकर प्रतिमा स्थलों का चयन किया गया है। इस तरह कुल 70 स्थलों का कायाकल्प कराया जाएगा। संबंधित कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
चयनित स्थलों पर विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जाएंगे। योजना के तहत प्रतिमा स्थलों पर छतरी, बाउंड्रीवाल, हरियाली और लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इससे ये स्थल न केवल सुरक्षित और व्यवस्थित होंगे, बल्कि आसपास का वातावरण भी स्वच्छ और सुंदर बनेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्रतिमा स्थलों को भी बेहतर स्वरूप दिया जाएगा, जिससे लोग वहां आसानी से पहुंच सकें और समय बिता सकें।
कलेक्ट्रेट की प्रतिमा का भी होगा सौंदर्यीकरण
इस परियोजना में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बाबा साहब की प्रतिमा और आसपास के क्षेत्र का भी पुनरुद्धार कराया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सभी चयनित प्रतिमा स्थलों का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किया गया था। संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि सामाजिक समानता, न्याय और प्रत्येक नागरिक को सम्मानजनक जीवन देने का संकल्प भी है।
कहा कि बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर का सपना ऐसे समाज की स्थापना करना था, जहां जाति, वर्ग और आर्थिक स्थिति के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो। संविधान की भावना को धरातल पर उतारना ही बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल, सीआरओ गुलशन जी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।